उत्तराखंड पंचायत चुनाव: दो चरणों में हुए मतदान के बाद आज घोषित होंगे नतीजे, 8 बजे से मतगणना हुई शुरू

KNEWS DESK- उत्तराखंड में दो चरणों में सम्पन्न हुए त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। 89 विकासखंडों में सुबह आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू हो गया है। इस बार पंचायत चुनाव में कुल 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब 32,580 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होने जा रहा है।

राज्य के विभिन्न मतगणना केंद्रों पर सुबह से ही गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। मतपेटियों को सुरक्षा के बीच टेबलों तक पहुँचाया गया है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मतगणना के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

नैनीताल जिले के भीमताल में सीडीओ अनामिका की निगरानी में सुबह आठ बजे से मतगणना प्रारंभ हुई। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतगणना कराई जा रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी।

चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही सभी जानकारी राज्य चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी, जिससे आमजन और प्रत्याशी आसानी से परिणाम देख सकें।

राज्य भर में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्सुकता का माहौल है। जैसे-जैसे परिणाम सामने आएंगे, राजनीतिक समीकरणों और स्थानीय नेतृत्व की तस्वीर साफ होती जाएगी।