देशभर में मानसून सक्रिय, दिल्ली में बारिश का दौर जारी, कई राज्यों में अलर्ट जारी

KNEWS DESK-  राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। दिल्ली में लगातार बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही तेज हवाएं और आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। सोमवार को जून का सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है।

1 और 2 जुलाई को झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, 5 जुलाई तक बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की भी आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और गुजरात के कुछ हिस्सों में अगले 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में यातायात और जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

2 से 5 जुलाई के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों — अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं, केरल और कर्नाटक में भी अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि आंध्र प्रदेश और यनम क्षेत्र में 1 जुलाई को गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।

ये भी पढ़ें-  पैपराजी कल्चर पर फूटा सोनाक्षी सिन्हा का गुस्सा, बोलीं– ‘अब सच में आत्मचिंतन का वक्त है’