‘ईरान और इजरायल के बीच 12 दिनों से चल रहा युद्ध समाप्त…’, राष्ट्रपति ट्रंप ने किया सीजफायर का ऐलान

KNEWS DESK-  पश्चिम एशिया में बीते 12 दिनों से जारी ईरान और इजरायल के बीच घमासान अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि दोनों देशों के बीच पूर्ण सीजफायर पर सहमति बन गई है। यह घोषणा उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर साझा की, जिसमें उन्होंने मध्य पूर्व में शांति बहाली को ऐतिहासिक क्षण बताया।

राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, सीजफायर अगले 6 घंटे के भीतर प्रभाव में आ जाएगा, जिसकी शुरुआत ईरान द्वारा होगी। ईरान के सीजफायर के पालन के 12 घंटे बाद इजरायल भी इसमें शामिल हो जाएगा। इस प्रक्रिया के 24 घंटे पूरे होने के बाद, युद्ध को औपचारिक रूप से समाप्त मान लिया जाएगा।

ट्रंप ने इस सफलता को सभी पक्षों की “सहनशक्ति, साहस और बुद्धिमत्ता” का परिणाम बताया। उन्होंने ईरान और इजरायल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह युद्ध वर्षों तक चल सकता था और इससे पूरा मिडिल ईस्ट तबाह हो सकता था, लेकिन अब शांति की उम्मीदें फिर से जीवित हो गई हैं।

ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, “बधाई हो सभी को! ईरान और इजरायल ने सीजफायर पर सहमति बना ली है… ईश्वर ईरान और इजरायल को आशीर्वाद दे, ईश्वर मिडिल-ईस्ट को आशीर्वाद दे, ईश्वर अमेरिका को आशीर्वाद दे और ईश्वर पूरी दुनिया को आशीर्वाद दे।”

12 दिनों तक चले इस संघर्ष में दोनों देशों के बीच मिसाइल हमले, ड्रोन स्ट्राइक और सीमाई झड़पें देखी गईं। कई नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया गया, जिससे भारी जान-माल का नुकसान हुआ। अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस संघर्ष को लेकर गहरी चिंता व्यक्त कर रहा था।

अब जब सीजफायर की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो रही है, वैश्विक स्तर पर राहत की लहर दौड़ गई है। संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय यूनियन और कई वैश्विक नेता इस पहल की सराहना कर चुके हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अमेरिका की मध्यस्थता में हुए इस समझौते से भविष्य में भी स्थाई शांति कायम हो सकेगी।

ये भी पढ़ें-  भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक उड़ान, Axiom-4 मिशन अब इस दिन होगा लॉन्च