‘NTA में सुधार की जरुरत, दोषियों को मिलेगा कठोर दंड’, NEET पेपर लीक मामले पर बोले धर्मेंद्र प्रधान

KNEWS DESK- NEET पेपर लीक मामले में देशभर में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के खिलाफ बड़े पैमाने पर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने माना है कि नीट परीक्षा परिणाम में कुछ गड़बड़ियां हुई हैं, जो भी बड़े अधिकारी इसमें शामिल पाए जाएंगे उन्हें बक्शा नहीं जाएगा| उन्होंने यह भी माना कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी में सुधार की जरुरत है|

NEET पेपर लीक मामले पर देशभर में छात्र और अभिभावक NTA के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं| दिल्ली यूनिवर्सिटी और जवाहरलाल नेहरु यूनिवर्सिटी जैसे बड़े शिक्षण संस्थानों के छात्र संगठन NSUI, AISA, SFI और ABVP भी छात्रों के साथ जमकर आवाज उठा रहे हैं| वहीं बिहार के पटना- नालंदा और गुजरात के गोधरा में नीट पेपर लीक की तरफ संकेत करने वाले कई सबूत मिले हैं, गिरफ्तारियां हो रही हैं| बिहार में पकड़े गए कई आरोपियों ने EOU की पूछताछ में पेपर लीक और एजेंसी के अधिकारियों के सांठगांठ की बात स्वीकारी है| केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने भी NEET में गड़बड़ियों की बात मानी है|

जानकारी के अनुसार, केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा- NEET के संबंध में 2 प्रकार की अव्यवस्था का विषय सामने आया है| शुरूआती जानकारी थी कि कुछ छात्रों को कम समय मिलने की वजह से उन्हें ग्रेस मार्क्स दिए गये| बाकी 2 जगहों पर कुछ गड़बड़ियां सामने आई हैं| मैं छात्रों और अभिभावकों को ये दिलासा देता हूं कि इसे सरकार ने गंभीरता के साथ लिया है|

उन्होंने कहा- हमें जानकारी मिली है कि हम सारे विषयों को एक निर्णायक स्थिति तक ले जाएंगे| उसमें जो भी बड़े अधिकारी होंगे उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा| NTA में सुधार की बहुत जरुरत है| सरकार इस पर चिंता कर रही है, दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा| उन्हें कठोर दंड मिलेगा|

About Post Author