गुजरातः कच्छ में खराब पानीपूरी खाने से 100 लोग अचानक बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

डिजिटल डेस्क- गुजरात के कच्छ जिले के लोदाई इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पानीपुरी खाने के बाद करीब 100 लोग अचानक बीमार पड़ गए। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। सभी प्रभावित लोगों को तुरंत भुज के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, लोदाई क्षेत्र में एक ही जगह पर पानीपुरी खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं। देखते ही देखते कई लोग एक साथ बीमार पड़ने लगे, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद तेजी से राहत कार्य शुरू किया गया।

कारणों का पता लगाने में जुटी टीमें

स्वास्थ्य विभाग ने बिना देर किए एंबुलेंस और अन्य साधनों की मदद से सभी मरीजों को भुज के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है और आवश्यक इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। शुरुआती उपचार के बाद ज्यादातर मरीजों की स्थिति में सुधार देखा जा रहा है। इस घटना के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। विभाग की दो टीमें तुरंत लोदाई इलाके में पहुंचीं और फूड पॉइजनिंग के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि पानीपुरी में इस्तेमाल किए गए पानी या मसालों की गुणवत्ता खराब हो सकती है, जिससे यह स्थिति पैदा हुई।

फूड ट्रकों और ठेलों वालों के खाने की जांच के आदेश

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके में खाद्य और पेय पदार्थों की सप्लाई पर अस्थायी रोक लगा दी है। खासतौर पर बाहर से आने वाले फूड ट्रकों और ठेलों की सख्त जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही, स्थानीय दुकानदारों को भी साफ-सफाई और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *