13 लाख फॉलोअर्स वाली टिकटॉकर की गोली मारकर हत्या, बीच सड़क मचा हड़कंप

Knews Desk– पाकिस्तान के टैक्सिला में सोशल मीडिया की चर्चित हस्ती और टिकटॉकर आयशा शमसू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. 28 वर्षीय आयशा के टिकटॉक पर करीब 13 लाख फॉलोअर्स थे. बताया जा रहा है कि वह अपनी 15 वर्षीय छोटी बहन और भाई के साथ कार में जा रही थीं, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाया. इस हमले में आयशा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना टैक्सिला के व्यस्त जीटी रोड पर अट्टॉक पेट्रोल पंप के पास हुई. आयशा अपनी काले रंग की होंडा कार चला रही थीं. उनके साथ उनकी 15 साल की बहन असमिया और भाई नेमतुल्लाह भी मौजूद थे. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावर उनकी कार के पास पहुंचे. आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे शख्स ने कार की तरफ गोलियां चला दीं. हमलावरों ने आयशा को निशाना बनाया और गोली लगते ही उन्होंने कार पर नियंत्रण खो दिया.

गोलियां चलने के बाद अनियंत्रित कार सड़क पर एक भारी डंपर ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आयशा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनकी 15 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं. आयशा के भाई नेमतुल्लाह ने किसी तरह खुद को संभाला और राहगीरों की मदद से घायल बहन को अस्पताल पहुंचाया. उन्हें इलाज के लिए इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी PIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.इस मामले में आयशा के पिता फजल साहिबजादा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. परिवार के मुताबिक, घटना से पहले आयशा के मोबाइल पर काशिफ उर्फ काशी नाम के एक व्यक्ति का फोन आया था. कथित तौर पर उसने आयशा को घर से बाहर आने के लिए कहा था. इसके कुछ ही समय बाद आयशा अपनी बहन और भाई को लेकर कार से निकल गईं. परिवार को शक है कि इस फोन कॉल का हत्या से संबंध हो सकता है.

आयशा के पिता ने पुलिस को यह भी बताया कि उनकी बेटी पिछले तीन से चार वर्षों से टिकटॉक पर वीडियो बना रही थीं और सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी. परिवार के अनुसार, आयशा का कुछ लोगों के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि लाखों रुपये के लेनदेन को लेकर उन्हें कथित तौर पर धमकियां भी मिल रही थीं. परिवार ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई हो सकती है.फिलहाल टैक्सिला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है. हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक नामजद आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. दिनदहाड़े व्यस्त सड़क पर हुई इस हत्या ने पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच के बाद ही साफ होगा कि आयशा की हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और इस वारदात की पूरी साजिश किसने रची.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *