स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के A-2 कोच में मिला सांप, यात्रियों में मची दहशत; रेलवे ने बदल दी पूरी बोगी

जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी कोच में सांप दिखाई देने के बाद यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर करीब एक घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सांप नहीं मिला। यात्रियों के विरोध के बाद रेलवे ने A-2 कोच को हटाकर उसकी जगह दूसरा एसी कोच लगाया।

Knews Desk– 12561 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के A-2 फर्स्ट एसी/टू-टियर कोच में यात्रियों ने सीट के नीचे सांप को रेंगते देखा। सांप नजर आते ही कोच में चीख-पुकार मच गई और डर के कारण यात्री अपनी सीटें छोड़कर कोच के दूसरे हिस्से की ओर चले गए। छोटे बच्चों और परिवारों के साथ सफर कर रहे यात्रियों में खास तौर पर दहशत का माहौल रहा।

मुजफ्फरपुर पहुंचने से ठीक पहले यात्रियों की नजर सांप पर पड़ी। घबराए यात्रियों ने रेलवे की हेल्पलाइन 139 और आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी। इस दौरान एक यात्री ने घटना का वीडियो भी बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर शेयर किया गया।

रात करीब 9:35 बजे जब स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची, तो RPF, GRP और कैरेज एंड वैगन विभाग की टीमें तुरंत A-2 कोच में पहुंचीं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोच के सभी यात्रियों को उनके सामान के साथ नीचे उतार दिया गया। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाबलों ने कोच के कोने-कोने, बर्थ के नीचे, अलग-अलग गैप्स और पैनलों की जांच शुरू की।

करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद सांप का पता नहीं चल सका। आशंका जताई गई कि सांप किसी अंदरूनी गैप या वायरिंग पैनल में छिपा हो सकता है।

सर्च के बाद भी सांप नहीं मिलने से यात्रियों की चिंता कम नहीं हुई। यात्रियों ने उसी कोच में आगे सफर करने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि छोटे बच्चों के साथ उस बोगी में दोबारा बैठना सुरक्षित नहीं है। यात्रियों के विरोध और सुरक्षा को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित A-2 कोच को ट्रेन से अलग करने का फैसला लिया।

रेलवे ने A-2 कोच को डीकपल कर उसकी जगह दूसरा नया एसी कोच जोड़ दिया। इसके बाद सभी 70 यात्रियों को नए कोच में शिफ्ट किया गया और ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

इस घटना के बाद ट्रेन की सफाई, रखरखाव और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। यह पहली घटना नहीं है जब किसी सुपरफास्ट ट्रेन के एसी कोच में सांप मिलने की बात सामने आई हो। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सांप रेलवे यार्ड से ही कोच में पहुंचा था या किसी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान अंदर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *