बीजेपी विधायक पर दलित नेता ने लगाए मारपीट के आरोप, पार्टी ने मांगा जवाब

Knews Desk- दिल्ली बीजेपी के मुंडका विधायक गजेंद्र दराल और कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार के बीच विवाद अब पार्टी की अनुशासन समिति तक पहुंच गया है। सुनील कुमार ने विधायक पर मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली प्रदेश बीजेपी ने दोनों नेताओं से स्पष्टीकरण मांगा है।

प्रदेश बीजेपी ने विधायक गजेंद्र दराल और मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार को 16 सितंबर को दोपहर 3 बजे अनुशासन समिति के सामने अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। समिति दोनों नेताओं के बयान सुनने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला कर सकती है।

सुनील कुमार के मुताबिक, विधायक गजेंद्र दराल ने उन्हें गुरुवार शाम वोटर लिस्ट लेकर बीजेपी कार्यालय बुलाया था। उनका आरोप है कि कार्यालय पहुंचने के बाद उन्हें वहां रोक लिया गया और रातभर डंडे, पाइप और बेल्ट से पीटा गया। सुनील ने सोशल मीडिया पर अपने शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए हैं।

CCTV बंद करने और जातिसूचक गालियां देने का दावा

सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान कार्यालय के CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे और दरवाजे को अंदर से लॉक कर दिया गया था। उन्होंने गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है। सुनील के अनुसार, उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी है, लेकिन अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है।

मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। AAP नेता और विधायक कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि बीजेपी विधायक ने अपनी ही पार्टी के दलित कार्यकर्ता के साथ बेरहमी से मारपीट की। उन्होंने गजेंद्र दराल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, दोनों पक्षों को अपना जवाब देने का मौका दिया गया है। अनुशासन समिति की सुनवाई के बाद ही पार्टी की अगली कार्रवाई स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *