KNEWS DESK- पटना में दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच शुरू हुआ विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और कई अहम पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कोचिंग सेंटर के बाहर हुई कथित फायरिंग से जुड़े एक वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में कुछ लोग हथियार के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े दो गार्डों को हिरासत में लिया और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों के हथियार जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर कदमकुआं थाने में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग की घटना के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
गौरतलब है कि विवाद की शुरुआत बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम आने के बाद हुई थी। दोनों कोचिंग संस्थानों ने अपने-अपने छात्रों की सफलता को लेकर दावे किए थे, जिसके बाद पोस्टर और प्रचार को लेकर तनाव बढ़ गया। बाद में यह विवाद कथित तौर पर मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग तक पहुंच गया।
इस मामले में पहले ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद की गिरफ्तारी हुई थी। उनकी रिहाई की मांग को लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। अब नए वीडियो के सामने आने के बाद जांच का फोकस दूसरे पक्ष की ओर भी बढ़ गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और किसी भी संभावित गिरफ्तारी पर फैसला लिया जाएगा।