KNEWS DESK – टीवी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्रियां शिल्पा शिंदे और हिना खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में शिल्पा शिंदे के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। मामला इतना बढ़ गया है कि दोनों एक-दूसरे पर खुलकर निशाना साध रही हैं।
दरअसल, एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान शिल्पा शिंदे ने स्वीकार किया कि वर्षों पहले उन्होंने ‘भाबीजी घर पर हैं’ से जुड़े विवाद के दौरान शो के निर्माता के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई और कई टीवी कलाकारों ने भी प्रतिक्रिया दी।
हिना खान ने जताई नाराजगी
शिल्पा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हिना खान ने इसे गंभीर मामला बताया था। हिना का मानना था कि किसी भी तरह के झूठे आरोप समाज और वास्तविक पीड़ितों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। उनके इस बयान के बाद विवाद और बढ़ गया।
हालांकि शिल्पा शिंदे ने भी चुप्पी नहीं साधी और उन्होंने हिना पर उनके नाम का इस्तेमाल कर सुर्खियां बटोरने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं, उन्होंने हिना की आलोचना करते हुए कई तीखे बयान भी दिए।
शिल्पा के बयान पर हिना का नया पलटवार
विवाद के बीच अब हिना खान ने सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अपने पोस्ट में उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कानून और अपराध से जुड़ा संदेश साझा किया। हिना ने लिखा कि यदि अपराध स्वीकार कर लेना ही बहादुरी की निशानी है, तो फिर उन सभी लोगों को भी रिहा कर देना चाहिए जिन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
हिना की इस पोस्ट को सोशल मीडिया यूजर्स सीधे तौर पर शिल्पा शिंदे के बयान से जोड़कर देख रहे हैं। पोस्ट सामने आने के बाद दोनों अभिनेत्रियों के फैंस भी सोशल मीडिया पर आमने-सामने आ गए हैं।
बिग बॉस से शुरू हुई थी अनबन
हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच मतभेद कोई नया मामला नहीं है। दोनों ‘बिग बॉस 11’ में साथ नजर आई थीं, जहां शो के दौरान भी उनके बीच कई बार तीखी बहस और टकराव देखने को मिला था। सीजन के अंत में दोनों फाइनलिस्ट बनी थीं, लेकिन शिल्पा शिंदे ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली थी।

शो खत्म होने के बाद भी दोनों के रिश्तों में खास सुधार नहीं आया और समय-समय पर दोनों के बीच बयानबाजी सामने आती रही है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस
ताजा विवाद के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। एक तरफ कुछ लोग शिल्पा के सच स्वीकार करने को साहसिक कदम बता रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर कई लोग उनके बयान को गैरजिम्मेदाराना करार दे रहे हैं। इस बीच हिना खान की प्रतिक्रिया ने पूरे मामले को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
फिलहाल दोनों अभिनेत्रियों की ओर से लगातार आ रहे बयानों ने इस विवाद को और गर्मा दिया है और मनोरंजन जगत में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।