Knews Desk -भारत के महत्वाकांक्षी चंद्र मिशन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के लिए एक और गर्व का क्षण सामने आया है। भारत के चंद्र मिशन चंद्रयान-3 को अमेरिका के प्रतिष्ठित 2026 AIAA Goddard Astronautics Award से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ एरोनॉटिक्स एंड एस्ट्रोनॉटिक्स (AIAA) की ओर से दिया गया है, जिसे अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बेहद प्रतिष्ठित माना जाता है।
यह सम्मान वॉशिंगटन डीसी में आयोजित AIAA ASCEND 2026 सम्मेलन के दौरान दिया गया। भारत की ओर से अमेरिका में भारतीय राजदूत Vinay Mohan Kwatra ने यह पुरस्कार स्वीकार किया।
AIAA ने अपने आधिकारिक प्रशस्ति पत्र में कहा कि चंद्रयान-3 को यह सम्मान चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास ऐतिहासिक सॉफ्ट लैंडिंग के लिए दिया गया है, जिसने चंद्रमा और अंतरिक्ष के बारे में मानव समझ को और गहरा किया। दरअसल, 23 अगस्त 2023 को भारत ने इतिहास रचते हुए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में सफल सॉफ्ट लैंडिंग की थी। ऐसा करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना था। इस उपलब्धि के बाद भारत अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में दुनिया की बड़ी शक्तियों में शामिल हो गया।

वैज्ञानिकों के अनुसार चंद्रमा का दक्षिणी ध्रुव बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है, क्योंकि यहां पानी की बर्फ और कई महत्वपूर्ण खनिज मिलने की संभावना है। भविष्य में मानव मिशनों और अंतरिक्ष अनुसंधान के लिए यह इलाका काफी अहम माना जा रहा है। चंद्रयान-3 ने इस क्षेत्र से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक डेटा जुटाया था।
AIAA का Goddard Astronautics Award अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। इससे पहले यह सम्मान Jeff Bezos समेत कई अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों और संस्थाओं को मिल चुका है। इस सम्मान के बाद दुनियाभर में ISRO और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की जमकर सराहना हो रही है।