दिल्ली-NCR में अगले 2 घंटे में मौसम बदलने का अलर्ट, तेज हवाओं और बारिश की संभावना

Knews Desk- दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले दो घंटों के भीतर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम तेजी से करवट ले सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में हवा की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में बारिश का दौर 30 से 45 मिनट तक जारी रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना हो जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों के कारण हो रहा है, क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी दिल्ली-एनसीआर तक पूरी तरह नहीं पहुंचा है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि दिल्ली के आसपास के राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। राजधानी में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के संकेत हैं।

पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में हुई बारिश के बाद एक बार फिर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। 17 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान आर्द्रता का स्तर भी काफी अधिक रहा, जिससे उमस और बढ़ गई।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादल, हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं।

वहीं, वायु गुणवत्ता की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार गुरुवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 132 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी AQI 110 से 130 के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और तेज हवाओं व बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *