डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज इस समय आम जनता की परीक्षा ले रहा है। राज्य में दो तरफा मौसम का खेल जारी है एक तरफ जहां कुछ इलाकों में बादलों की लुकाछिपी और हल्की फुहारें गिर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ अधिकांश जिलों में सूरज की तपिश और चिपचिपी उमस ने हाहाकार मचा रखा है। गुरुवार को प्रयागराज समेत कई शहरों में तापमान का मीटर 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच गया, जिससे सड़कें दोपहर में सूनी नजर आईं।
पूर्वी और मध्य यूपी में ‘लू’ की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है। डॉक्टरों और मौसम वैज्ञानिकों ने सख्त हिदायत दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें और लगातार पानी पीते रहें।
काउंटडाउन शुरू: 48 से 72 घंटों में मानसून का ‘महा-ब्लास्ट’
इस भीषण गर्मी के बीच राहत की सबसे बड़ी खबर मौसम केंद्र से आ रही है। उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में मानसूनी हवाएं बेहद मजबूत होने वाली हैं। 29 से 30 जून के बीच मानसून पूरी ताकत के साथ उत्तर प्रदेश में दाखिल हो जाएगा। मानसून की शुरुआत सबसे पहले पूर्वी यूपी के रास्ते होगी, जिसके बाद यह तेजी से आगे बढ़ते हुए मध्य और पश्चिमी यूपी को कवर करेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि जैसे ही झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा, प्रदेश के औसतन तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को इस जानलेवा गर्मी से हमेशा के लिए राहत मिल जाएगी।व