45°C की तपिश के बीच राहत की खबर, उत्तर भारत की ओर बढ़ रहे भयंकर बारिश वाले बादल

Knews Desk- उत्तर भारत में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। भारत के अत्याधुनिक मौसम उपग्रह INSAT-3DS ने करीब 2500 किलोमीटर तक फैले बादलों के एक विशाल समूह की तस्वीरें कैद की हैं, जो उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह बादलों का सिस्टम पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सक्रिय है और धीरे-धीरे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। सैटेलाइट तस्वीरों में दिखाई दे रहे चमकीले सफेद बादल ऊंचाई पर मौजूद ठंडे बादलों का संकेत हैं, जो आमतौर पर तेज बारिश और गरज-चमक वाले मौसम से जुड़े होते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के संयुक्त प्रभाव से बना है। इसके कारण आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है। तेज हवाएं, आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई हिस्सों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में भी मौसम के बदलने और बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग का मानना है कि इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि तेज आंधी और खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *