kNEWS dESK- आज के समय में पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन संसाधनों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। कई निजी एडटेक प्लेटफॉर्म फीस लेकर स्टूडेंट्स को कोर्स और स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराते हैं। हालांकि, भारत सरकार के पास भी कई ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म हैं, जहां छात्रों को मुफ्त में पढ़ाई से जुड़ी सामग्री, किताबें, वीडियो लेक्चर और अन्य शैक्षणिक संसाधन मिलते हैं।
इन प्लेटफॉर्म का फायदा स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा तक के छात्र उठा सकते हैं। आइए जानते हैं सरकार के ऐसे 6 प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म के बारे में।
SWAYAM: IIT-IIM के कोर्स भी उपलब्ध
SWAYAM (Study Webs of Active-learning for Young Aspiring Minds) भारत सरकार का प्रमुख ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म है। यहां कक्षा 9वीं से पोस्ट ग्रेजुएशन स्तर तक के कई कोर्स उपलब्ध हैं।
इस प्लेटफॉर्म पर IIT, IIM और देश के अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए कोर्स भी मिलते हैं। इन कोर्स को पढ़ना और पूरा करना आमतौर पर मुफ्त है। हालांकि, सर्टिफिकेट हासिल करने के लिए शुल्क देना पड़ सकता है।
NCERT: पहली से 12वीं तक की ई-बुक्स
स्कूली छात्रों के लिए NCERT की वेबसाइट बेहद उपयोगी डिजिटल संसाधन है। यहां पहली से 12वीं कक्षा तक की कई NCERT किताबें ई-बुक के रूप में मुफ्त उपलब्ध हैं।
छात्र इन किताबों को ऑनलाइन पढ़ने के साथ डाउनलोड भी कर सकते हैं। इससे उन्हें पढ़ाई के लिए अलग से किताब खरीदने की जरूरत कम हो सकती है।
DIKSHA: स्कूल छात्रों के लिए डिजिटल पढ़ाई
DIKSHA (Digital Infrastructure for Knowledge Sharing) को शिक्षा मंत्रालय और NCERT की ओर से संचालित किया जाता है। यह प्लेटफॉर्म खासतौर पर कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्रों के लिए उपयोगी है।
DIKSHA पर किताबों के अलावा वीडियो, वर्कशीट और अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध है। कई राज्यों की स्कूली किताबों में दिए गए QR कोड को स्कैन करके भी छात्र संबंधित डिजिटल कंटेंट तक पहुंच सकते हैं।
NDLI: एक जगह मिलेगी डिजिटल स्टडी सामग्री
National Digital Library of India (NDLI) को देश की डिजिटल लाइब्रेरी के तौर पर जाना जाता है। इसे IIT खड़गपुर ने शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया है।
इस प्लेटफॉर्म पर स्कूल छात्रों से लेकर उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों तक के लिए किताबें, रिसर्च पेपर, वीडियो लेक्चर और अन्य अध्ययन सामग्री उपलब्ध है। छात्र अपनी जरूरत और विषय के अनुसार कंटेंट खोज सकते हैं।
e-Pathshala: किताबों के साथ ऑडियो बुक्स भी
e-Pathshala को NCERT ने शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया है। इस प्लेटफॉर्म पर छात्रों के लिए डिजिटल किताबों के साथ ऑडियो बुक्स और अन्य शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध है।
इसका मोबाइल ऐप भी मौजूद है, जिसके जरिए छात्र मोबाइल फोन पर कहीं से भी डिजिटल स्टडी मटेरियल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसका लाभ छात्रों के साथ शिक्षक और अभिभावक भी उठा सकते हैं।
PM e-VIDYA: इंटरनेट के बिना भी पढ़ाई
PM e-VIDYA को इस तरह तैयार किया गया है कि इंटरनेट की सुविधा न होने पर भी छात्रों तक पढ़ाई से जुड़ी सामग्री पहुंचाई जा सके। इसके तहत कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्रों के लिए शैक्षणिक कंटेंट उपलब्ध कराया जाता है।
PM e-VIDYA के तहत DIKSHA, टीवी चैनल, रेडियो और पॉडकास्ट जैसे माध्यमों को जोड़ा गया है। ऐसे में जिन छात्रों के पास इंटरनेट की सुविधा सीमित है, वे भी इन माध्यमों से पढ़ाई जारी रख सकते हैं।
सरकार के इन डिजिटल प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि छात्रों को पढ़ाई के लिए बड़ी मात्रा में शैक्षणिक सामग्री मुफ्त में मिल जाती है। स्कूल की किताबों से लेकर उच्च शिक्षा के कोर्स और वीडियो लेक्चर तक, अलग-अलग जरूरत के हिसाब से इन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकता है।