Knews Desk- राम मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन और वीआईपी पास व्यवस्था को लेकर सामने आए विवाद के बाद अयोध्या में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा इस बैठक की अगुवाई करेंगे। विवाद के बाद यह ट्रस्ट की पहली बड़ी समीक्षा बैठक है, इसलिए इसे बेहद अहम माना जा रहा है।
बैठक में मंदिर की वर्तमान व्यवस्थाओं, चढ़ावा प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और वीआईपी पास सिस्टम को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा कर उसमें जरूरी बदलाव और सुधार को लेकर फैसले ले सकता है।
ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव पहली बार होंगे शामिल
बैठक में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन भी पहली बार आधिकारिक तौर पर हिस्सा लेंगे। इसके अलावा ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी, सदस्य और मंदिर प्रबंधन से जुड़े अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
चढ़ावा मामले पर नृपेंद्र मिश्रा ने जताई नाराजगी
अयोध्या पहुंचे नृपेंद्र मिश्रा ने मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले को गंभीर घटना बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना अपने आप में चिंताजनक है और इससे सभी को असहज महसूस हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा सामने न आए।
निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी होगी चर्चा
बैठक में राम मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। पुराने मंदिर स्मारक का काम लगभग पूरा हो चुका है और वहां 24 घंटे अखंड ज्योति प्रज्वलित करने की तैयारी चल रही है। वहीं हुतात्मा स्मारक का निर्माण जुलाई के अंतिम सप्ताह तक पूरा होने की संभावना है।
मंदिर के प्रमुख निर्माण कार्यों को 30 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके अलावा करीब 4 किलोमीटर लंबी बाहरी दीवार का निर्माण कार्य 30 सितंबर तक पूरा करने की योजना है।
राम कथा संग्रहालय और ऑडिटोरियम पर भी चर्चा
बैठक में राम कथा संग्रहालय से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा होगी। संग्रहालय की 20 गैलरियों की रूपरेखा तैयार हो चुकी है, जबकि वीडियो प्रस्तुति को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। वहीं राम मंदिर का ऑडिटोरियम दिसंबर 2026 तक तैयार होने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर बनेगा नया प्लान
बैठक में मानसून के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा होगी। ट्रस्ट की कोशिश रहेगी कि आम श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन मिल सके।
चढ़ावा व्यवस्था और वीआईपी पास को लेकर उठे सवालों के बीच हो रही यह बैठक मंदिर प्रशासन के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इसमें व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
दो दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे नृपेंद्र मिश्रा
बता दें कि नृपेंद्र मिश्रा शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे थे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने राम जन्मभूमि परिसर का निरीक्षण किया और मंदिर निर्माण, श्रद्धालुओं के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।