KNEWS DESK- अगर आपके स्मार्टफोन की गैलरी WhatsApp की फोटो और वीडियो से भर जाती है, तो अब इस समस्या से आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है। WhatsApp की डिफॉल्ट सेटिंग के कारण चैट और ग्रुप में आने वाली मीडिया फाइलें अपने आप फोन की गैलरी में सेव हो जाती हैं। इससे फोन की स्टोरेज तेजी से भरती है और जरूरी तस्वीरें ढूंढना भी मुश्किल हो जाता है। हालांकि, ऐप में मौजूद एक आसान सेटिंग बदलकर इस फीचर को बंद किया जा सकता है।
WhatsApp दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले मैसेजिंग ऐप्स में से एक है। इसकी डिफॉल्ट सेटिंग के तहत किसी भी चैट या ग्रुप में मिलने वाली फोटो, वीडियो और अन्य मीडिया फाइलें ऑटोमैटिक डाउनलोड होकर फोन की गैलरी में दिखाई देने लगती हैं। अगर यूजर कई ग्रुप्स का हिस्सा है, तो कुछ ही समय में सैकड़ों मीडिया फाइलें स्टोरेज घेर लेती हैं। इससे न केवल फोन की मेमोरी प्रभावित होती है, बल्कि प्राइवेसी से जुड़ी चिंताएं भी बढ़ सकती हैं।
ऐसे बंद करें ऑटो मीडिया डाउनलोड
अगर आप नहीं चाहते कि WhatsApp की हर फोटो और वीडियो अपने आप डाउनलोड हो, तो इसके लिए ऐप की सेटिंग में बदलाव करना होगा। सबसे पहले WhatsApp खोलें और Settings में जाएं। इसके बाद Storage and Data विकल्प पर टैप करें। यहां Media Auto Download सेक्शन मिलेगा, जहां मोबाइल डेटा, Wi-Fi और रोमिंग के लिए फोटो, वीडियो, ऑडियो और डॉक्यूमेंट डाउनलोड की सेटिंग अलग-अलग उपलब्ध होती है। अपनी जरूरत के अनुसार इन विकल्पों को बंद या सीमित किया जा सकता है।
Media Visibility ऑफ कर गैलरी रखें साफ
अगर आप चाहते हैं कि डाउनलोड की गई मीडिया फोन की गैलरी में दिखाई न दे, तो Media Visibility फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए WhatsApp की Settings में जाकर Chats विकल्प खोलें और Media Visibility को Off कर दें। इसके बाद नई फोटो और वीडियो फोन की गैलरी में अपने आप दिखाई नहीं देंगी।
किसी एक चैट के लिए भी बदल सकते हैं सेटिंग
WhatsApp यूजर्स को किसी खास चैट या ग्रुप के लिए भी यह सुविधा देता है। इसके लिए संबंधित चैट या ग्रुप खोलें और ऊपर दिखाई देने वाले कॉन्टैक्ट या ग्रुप के नाम पर टैप करें। यहां Media Visibility विकल्प मिलेगा, जिसे Off करने पर उस चैट से आने वाली नई फोटो और वीडियो गैलरी में सेव या दिखाई नहीं देंगी।
स्टोरेज और प्राइवेसी दोनों रहेंगी सुरक्षित
विशेषज्ञों का मानना है कि इन सेटिंग्स का इस्तेमाल करने से फोन की स्टोरेज बेहतर तरीके से मैनेज की जा सकती है। साथ ही गैलरी में गैरजरूरी मीडिया फाइलों की भीड़ नहीं लगेगी और निजी तस्वीरों के साथ WhatsApp की फाइलें भी नहीं मिलेंगी। यदि आपका फोन बार-बार स्टोरेज फुल होने की चेतावनी देता है, तो यह छोटा-सा बदलाव काफी उपयोगी साबित हो सकता है।