Apple Event Today: फोल्डेबल iPhone Duo से iPhone 18 Pro तक, आज लॉन्च होंगे ये डिवाइस

KNEWS DESK- एपल का बड़ा इवेंट आज होने जा रहा है। कंपनी इस दौरान अपनी नई iPhone सीरीज के साथ Apple Watch और AirPods के नए मॉडल पेश कर सकती है। सबसे ज्यादा चर्चा एपल के पहले फोल्डेबल iPhone को लेकर है, जिसे iPhone Duo नाम दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max भी इवेंट का हिस्सा हो सकते हैं। भारत में यह इवेंट रात 10:30 बजे शुरू होने की उम्मीद है।

एपल के इस इवेंट को लेकर पिछले काफी समय से कई तरह के लीक्स और रिपोर्ट्स सामने आ रहे हैं। कंपनी अपने iPhone लाइनअप में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में नजर आ रही है। आइए जानते हैं इवेंट में किन डिवाइसेज को लेकर सबसे ज्यादा उम्मीदें हैं।

फोल्डेबल iPhone Duo पर रहेंगी सबकी नजरें

एपल के पहले फोल्डेबल iPhone को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता है। ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन की रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इसे iPhone Duo नाम दे सकती है। हालांकि, इससे पहले इसके iPhone Ultra नाम से आने की खबरें भी सामने आई थीं। फोल्डेबल iPhone में बुक-स्टाइल डिजाइन मिलने की उम्मीद है। फोन खुलने के बाद इसका डिस्प्ले ज्यादा बड़ा और चौड़ा हो सकता है, जिससे वीडियो देखने, गेमिंग और एक साथ कई ऐप इस्तेमाल करने का अनुभव बेहतर हो सकता है।

करीब 1.90 लाख रुपये हो सकती है शुरुआती कीमत

रिपोर्ट्स के अनुसार, फोल्डेबल iPhone में A20 Pro चिपसेट और एपल का नया इन-हाउस C2 मॉडेम दिया जा सकता है। इसमें मैग्नेटिक हिंज सिस्टम के साथ Apple Pencil सपोर्ट मिलने की भी संभावना है। कैमरे की बात करें तो इसमें पीछे की तरफ दो 48 मेगापिक्सल कैमरे और फ्रंट में 12 मेगापिक्सल कैमरा मिल सकता है। 256GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की कीमत करीब 2,000 डॉलर यानी लगभग 1.90 लाख रुपये हो सकती है। वहीं, टॉप मॉडल की कीमत करीब 3,000 डॉलर यानी लगभग 2.85 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। इसकी बिक्री अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है और यह व्हाइट तथा डार्क ब्लू कलर में उपलब्ध हो सकता है।

iPhone 18 Pro में मिल सकता है छोटा Dynamic Island

फोल्डेबल iPhone के साथ iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max भी पेश किए जा सकते हैं। इन दोनों मॉडल्स में मौजूदा कैंडी-बार डिजाइन बरकरार रहने की संभावना है, लेकिन डिस्प्ले में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लीक्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro मॉडल्स में छोटा Dynamic Island दिया जा सकता है। नया सिस्टम स्क्रीन के ऊपरी हिस्से में एक साथ तीन लाइव टास्क दिखाने में सक्षम हो सकता है। मौजूदा मॉडल्स में दो लाइव टास्क दिखाने की सुविधा मिलती है। दोनों Pro मॉडल्स में A20 Pro चिपसेट और बेहतर बैटरी बैकअप मिलने की भी उम्मीद है।

iPhone 18 Pro सीरीज में कैमरा हार्डवेयर के साथ सॉफ्टवेयर में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। नए लेंस और प्रोफेशनल यूजर्स के लिए कैमरा से जुड़े कुछ नए फीचर्स दिए जाने की संभावना है। iPhone 18 Pro Max में वेरिएबल अपर्चर फीचर मिलने की चर्चा है। इससे यूजर्स को डेप्थ ऑफ फील्ड पर ज्यादा नियंत्रण मिल सकता है और कम रोशनी में फोटोग्राफी को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा एपल नए वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम पर भी काम कर रहा है, जो फोन को ज्यादा गर्म होने से बचाने में मदद कर सकता है।

ये iPhone मॉडल्स इस इवेंट में नहीं होंगे लॉन्च

हर iPhone मॉडल को इस इवेंट में पेश किए जाने की उम्मीद नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टैंडर्ड iPhone 18, iPhone 18e और दूसरी पीढ़ी का iPhone Air इस इवेंट का हिस्सा नहीं होंगे। इन मॉडल्स को अगले साल लॉन्च किए जाने की संभावना है।

Apple Watch में क्या मिलेगा नया?

इवेंट में Apple Watch Series 12 और Watch Ultra 4 भी पेश किए जा सकते हैं। इनके डिजाइन में बहुत बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है, लेकिन केस, बैंड और कलर ऑप्शंस में नए विकल्प मिल सकते हैं। Apple Watch Series 12 में सिरेमिक केस की वापसी की संभावना है। वहीं, Watch Ultra 4 में बेहतर बैटरी लाइफ मिलने की उम्मीद है। कंपनी हेल्थ और फिटनेस से जुड़े फीचर्स पर भी फोकस कर सकती है।

नई Readyनेस ऐप सेंसर से मिलने वाले डेटा के आधार पर यूजर्स को उनकी रोजाना की स्थिति और गतिविधियों से जुड़ी ज्यादा जानकारी दे सकती है। इसके अलावा iPhone के Health ऐप में भी बदलाव किए जाने की संभावना है। यूजर्स की दिनभर की गतिविधियों का सारांश देने वाला एक प्राइवेसी-केंद्रित फीचर भी पेश किया जा सकता है।

AirPods 5 में बेहतर हो सकता है ANC

Apple Event में AirPods 5 भी लॉन्च होने की उम्मीद है। इनमें एक्टिव नॉइज कैंसलेशन यानी ANC को पहले से बेहतर किया जा सकता है। वहीं, कैमरा सेंसर वाले हाई-एंड AirPods को लेकर फिलहाल अगले साल लॉन्च की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में इस इवेंट में उनका इंतजार कर रहे यूजर्स को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *