KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेटर और आईपीएल फ्रेंचाइज़ी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से खेलने वाले यश दयाल विवादों में घिर गए हैं। उत्तर प्रदेश की एक महिला ने यश दयाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में महिला ने दावा किया है कि वह बीते पांच वर्षों से यश दयाल के साथ रिश्ते में थी, लेकिन क्रिकेटर ने शादी का झांसा देकर उसका भावनात्मक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि यश दयाल ने न केवल उसके साथ बल्कि अन्य कई महिलाओं से भी झूठे रिश्ते बनाकर उन्हें धोखा दिया है। महिला का कहना है कि उसने अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
यश दयाल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं और घरेलू क्रिकेट में यूपी के लिए खेलते हैं। आईपीएल 2025 सीज़न में वे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का हिस्सा थे। उन्हें उस रोमांचक मैच के लिए जाना जाता है जिसमें उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आखिरी ओवर में 14 रन डिफेंड किए और दिग्गज बल्लेबाज एम. एस. धोनी को आउट कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। इस मामले को लेकर अब तक यश दयाल या उनकी ओर से किसी आधिकारिक प्रतिनिधि की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। न ही RCB मैनेजमेंट या BCCI की तरफ से इस मसले पर कोई बयान दिया गया है। हालांकि, मामला सामने आते ही सोशल मीडिया पर इस पर चर्चा तेज हो गई है और लोग क्रिकेटर की ओर से सफाई की मांग कर रहे हैं।
महिला द्वारा की गई शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए अब पुलिस जांच की संभावना जताई जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला क्रिकेटर के करियर और छवि दोनों के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
ये भी पढ़ें- उत्तरकाशी में बादल फटने से तबाही, यमुनोत्री मार्ग बंद, 8 मजदूर लापता, चारधाम यात्रा 24 घंटे के लिए स्थगित