जानिए नागपुर का स्टेडियम क्यों है टीम इंडिया के लिए ख़ास

कानपुर- भारतीय टीम नौ फरवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए उतरेगी । सीरीज का पहला मुक़ाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। बता दें कि टीम इंडिया की नजर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार चौथी सीरीज जीतने पर होगी। ऑस्ट्रेलिया  के खिलाफ भारत को सीरीज में पिछली हार 2014-15 में मिली थी। उसके बाद भारत को  2017 में घरेलू मैदान पर 2-1 से जीत मिली थी। फिर 2018-19 और 2020-21 में दोनों सीरीज ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर भारत 2-1 के अंतर से जीता था।

नागपुर में टीम इंडिया नवंबर 2017 के बाद पहली बार टेस्ट मैच खेलेगी। तब टीम इंडिया ने  श्रीलंका को पारी और 239 रन से हराया था। टीम इंडिया इस मैदान पर 2010 के बाद से नहीं हारी है। उसे पिछली हार फरवरी 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली थी। तब पारी और छह रन से हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद भारतीय टीम ने यहां न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका को हराया। इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट ड्रॉ रहा था।
भारतीय टीम नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22008 के बाद पहली बार खेलेगी। पिछली बार उसे 172 रनों से जीत मिली थी। वह मैच भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के करियर का आखिरी मुकाबला था। उसी सीरीज में अनिल कुंबले ने संन्यास लिया था। वह नागपुर से पहले दिल्ली में खेले गए तीसरे टेस्ट में आखिरी बार खेले थे। नागपुर में महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी की थी। उन्होंने मैच के आखिरी समय में पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को कुछ देर के लिए कप्तानी करने का मौका दिया था। उनके इस कदम ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया था।

नागपुर में टीम इंडिया द्वारा अब तक खेले गए मुकाबले 

साल खिलाफ नतीजा
2008 ऑस्ट्रेलिया भारत 172 रन से जीता
2010 दक्षिण अफ्रीका दक्षिण अफ्रीका पारी और छह रन से जीता
2010 न्यूजीलैंड भारत पारी और 198 रन से जीता
2012 इंग्लैंड ड्रॉ
2015 दक्षिण अफ्रीका भारत 124 रन से जीता
2017 श्रीलंका भारत पारी और 239 रन से जीता

टेस्ट सीरीज के पहले दो मैचों के लिए टीम कुछ इस तरह की होंगी

 टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान) शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, केएल राहुल, एस भरत, ईशान किशन, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट।

टीम ऑस्ट्रेलिया : उस्मान ख्वाजा, मैट रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर, ट्रेविस हेड, मार्नश लाबुशेन, एश्टन एगर, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी, पीटर हैंड्सकॉम्ब, पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, जोश हेजलवुड, नाथन लियोन, लांस मौरिस, टॉड मर्फी, मिचेल स्टार्क, मिचेल स्वीपसन।

About Post Author