August 2026 Vrat And Festivals: सावन शिवरात्रि से रक्षाबंधन तक, अगस्त में आएंगे कई बड़े व्रत-त्योहार, देखें पूरी लिस्ट

KNEWS DESK- अगस्त 2026 धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस महीने सावन का पवित्र माह जारी रहेगा और भगवान शिव की आराधना के साथ कई प्रमुख व्रत और त्योहार मनाए जाएंगे। सावन शिवरात्रि, हरियाली तीज, नाग पंचमी, रक्षाबंधन, श्रावण पूर्णिमा और कजरी तीज जैसे पर्व पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए जाएंगे। इसके अलावा अगस्त में कई प्रमुख ग्रहों का राशि परिवर्तन भी होगा, जिसका प्रभाव सभी 12 राशियों पर देखने को मिल सकता है।

अगर आप अगस्त महीने के प्रमुख व्रत, त्योहार और ग्रह गोचर की जानकारी एक साथ जानना चाहते हैं, तो यहां पूरा कैलेंडर देख सकते हैं।

अगस्त 2026 के प्रमुख व्रत और त्योहार

  • 3 अगस्त (सोमवार) – सावन का पहला सोमवार
  • 9 अगस्त – श्रावण कृष्ण कामिका एकादशी
  • 10 अगस्त – सोम प्रदोष व्रत (कृष्ण पक्ष)
  • 11 अगस्त – सावन शिवरात्रि
  • 12 अगस्त – श्रावण अमावस्या (हरियाली अमावस्या)
  • 15 अगस्त – हरियाली तीज
  • 17 अगस्त – नाग पंचमी
  • 17 अगस्त – कल्कि जयंती
  • 20 अगस्त – मासिक दुर्गाष्टमी
  • 23 अगस्त – श्रावण पुत्रदा एकादशी
  • 25 अगस्त – प्रदोष व्रत (शुक्ल पक्ष)
  • 27 अगस्त – हयग्रीव जयंती
  • 28 अगस्त – श्रावण पूर्णिमा
  • 28 अगस्त – रक्षाबंधन
  • 28 अगस्त – गायत्री जयंती
  • 31 अगस्त – कजरी तीज
  • 31 अगस्त – श्री गणेश (बहुला) चतुर्थी

सावन शिवरात्रि का महत्व

सावन माह में आने वाली शिवरात्रि को अत्यंत शुभ माना जाता है। इस वर्ष 11 अगस्त 2026 को सावन शिवरात्रि मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और रात्रि जागरण करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी दिन कांवड़ यात्रा का भी समापन होता है और कांवड़िए पवित्र नदियों से लाया गया जल शिवलिंग पर अर्पित करते हैं।

हरियाली तीज

15 अगस्त 2026 को हरियाली तीज का पर्व मनाया जाएगा। यह व्रत मुख्य रूप से सुहागिन महिलाओं और अविवाहित कन्याओं के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करने से अखंड सौभाग्य, सुखी वैवाहिक जीवन और मनचाहे जीवनसाथी का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

नाग पंचमी

सावन शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर नाग पंचमी का पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष 17 अगस्त को श्रद्धालु नाग देवता की पूजा करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन नाग देवता की पूजा करने से कालसर्प दोष और सर्प भय से मुक्ति मिलने की मान्यता है।

रक्षाबंधन

भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन इस वर्ष 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। श्रावण पूर्णिमा के दिन बहनें भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं और उनके सुख, समृद्धि व लंबी आयु की कामना करती हैं। भाई भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हैं।

अगस्त 2026 में प्रमुख ग्रह गोचर

ज्योतिष के अनुसार अगस्त का महीना ग्रहों की चाल के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण रहेगा।

  • 1 अगस्त – शुक्र का कन्या राशि में प्रवेश।
  • 2 अगस्त – मंगल का मिथुन राशि में गोचर।
  • 5 अगस्त – बुध का कर्क राशि में प्रवेश।
  • 17 अगस्त – सूर्य का सिंह राशि में प्रवेश, इसी दिन सिंह संक्रांति भी रहेगी।
  • 22 अगस्त – बुध कर्क से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करेंगे।

धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से क्यों खास है अगस्त?

अगस्त 2026 में एक ओर जहां सावन माह के प्रमुख पर्व भक्तों को पूजा-पाठ और आध्यात्मिक साधना का अवसर देंगे, वहीं दूसरी ओर कई महत्वपूर्ण ग्रहों का राशि परिवर्तन भी होने जा रहा है। ऐसे में यह महीना धार्मिक आस्था के साथ-साथ ज्योतिषीय दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि आप व्रत-त्योहारों की तैयारी कर रहे हैं, तो इन तिथियों को पहले से नोट कर लें ताकि किसी भी शुभ अवसर को मिस न करें।