राजस्थान: अजमेर में कारोबारी, पत्नी और बेटी की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

अजमेर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में फर्नीचर कारोबारी, उनकी पत्नी और बेटी शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि तीनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Knews Desk- राजस्थान के अजमेर में आदर्श नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी मालियान इलाके में देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर परिजन और आसपास के लोग उन्हें इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अशोक शर्मा, उनकी पत्नी इंद्रा शर्मा और बेटी दीक्षा शर्मा को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर की जांच शुरू की। थाना सीआई ओमप्रकाश मीणा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में तीनों के कथित तौर पर कीटनाशक या किसी जहरीले पदार्थ का सेवन करने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे अंतिम कारण नहीं माना है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही सामने आएगी।

घटना के समय अशोक शर्मा का बेटा गौरव भी घर में मौजूद था। बताया जा रहा है कि गौरव जयपुर की एक निजी कंपनी में काम करता है और करीब दो दिन पहले ही घर आया था। घटना के दौरान वह दूसरे कमरे में सो रहा था। उसकी पत्नी फिलहाल अपने मायके गई हुई थी।

पुलिस के अनुसार, गौरव की तबीयत भी बिगड़ी थी और वह बेहोशी की हालत में मिला। उसे जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस गौरव की हालत और उसके बयान के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।

स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि अशोक शर्मा आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे और उन पर लाखों रुपये का कर्ज था। हालांकि, पुलिस ने अभी कर्ज या आर्थिक तंगी को मौत की वजह होने की पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कारोबारी पर किस तरह की आर्थिक देनदारियां थीं और क्या हाल के दिनों में उन्हें किसी तरह का दबाव झेलना पड़ रहा था।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों ने जहरीला पदार्थ कैसे और किन परिस्थितियों में खाया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के जरिए घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

तीनों मृतकों के शव जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *