उत्तराखंड : भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित किया गया सदस्यता ग्रहण समारोह

रिपोर्ट –  शुभम कोटनाला

देहरादून – आज भाजपा के प्रदेश कार्यालय में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सदस्यों की संख्या अधिक होने के चलते कार्यक्रम को दो चरणों में किया गया। इसमें पूर्व भाजपा के नेता जो विपक्षी पार्टी छोड़कर पुनः भाजपा में शामिल हुए उनको भी सदस्यता दिलवाई गई। इसके साथ ही विपक्षी दलों कांग्रेस, यूकेडी के कई नेता, कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं पर जनता का दबाव है कि मोदी का विरोध न करें। जिसके चलते वे भाजपा से जुड़ रहे हैं।

हिंदुओं की आस्था को नजरंदाज किया 

वहीं पूर्व कांग्रेस पछवादून अध्यक्ष लक्ष्मी अग्रवाल ने भाजपा की सदस्यता लेते हुए कहा कि जिस प्रकार से पूरा माहौल भाजपा के चलते राममय हो गया है, उसे देखते हुए  मुझे यह पार्टी ज्वाइन करने का सही समय लगा। वहीं कांग्रेस को छोड़ भाजपा में दोबारा जुड़ने के पीछे का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर हिंदुओं की आस्था को नजरंदाज करते हुए, जिस तरह से कांग्रेस ने नकारात्मकता दिखाई वह दिल को आहत करने वाली रही।

भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा

वहीं कांग्रेस की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे दिनेश धनाई ने भाजपा की सदस्यता लेते हुए कहा कि प्रदेश में जिस प्रकार भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है उसे देखते हुए हम भाजपा से जुड़े हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान सम्मान बढ़ा 

इसके साथ ही यूकेडी के वरिष्ठ नेता मोहन काला ने भी भाजपा का दामन थामा। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2014 से ही वे बीजेपी में जुड़ना चाहते थे और जिस प्रकार से बीते 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान सम्मान विदेशों में भी बढ़ा है। उससे हम प्रभावित हुए और इसी के चलते आज हमने बीजेपी का दामन थामा है।

यह भी पढ़ें – बिजनौर: ई-रिक्शा की बैट्री फटने से हुआ दर्दनाक हादसा, चालक सहित 5 लोग बुरी तरह झुलसे

About Post Author