यमुनोत्री में भारी भूस्खलन, कई यात्रियों के दबने की आशंका

डिजिटल डेस्क- उत्तराखंड के यमुनोत्री से बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन हुआ है। जानकारी के मुताबिक यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाले जानकीचट्टी-पैदल मार्ग पर भैरव मंदिर के पास ‘नौ कैंची’ नामक स्थान पर एक बड़ा भूस्खलन हुआ है। खबर के अनुसार कई यात्रियों के भूस्खलन में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ये हादसा दोपहर 4 बजे के करीब हुआ।

सूचना मिलते ही चालू हुआ बचाव कार्य

यमुनोत्री मार्ग में भूस्खलन की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य को शुरू किया। बचाव कार्य के दौरान एक यात्री को मलबे के नीचे से निकाला गया, जिसे घायल अवस्था में जानकीचट्टी स्थित सामुदायिक केन्द्र में भर्ती करवाया गया।

प्रशासन ने की सुरक्षित जगह पर रहने की अपील

भारी बारिश और जगह-जगह हुए भूस्खलन के चलते प्रशासन ने यात्रियों से सुरक्षित जगह रहने की अपील की है। साथ ही आवाजाही न करने की भी अपील की है। घटना के बाद से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन द्वारा भूस्खलन में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है।