KNEWS DESK- नासिक से प्याज की पहली खेप रविवार देर शाम देहरादून पहुंच गई। सोमवार से नेशनल एग्रीकल्चरल कोआपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (नाफेड) ने आउटलेट और मोबाइल वैन के जरिए प्याज की बिक्री शुरू कर दी। पहले दिन 800 किलोग्राम प्याज वितरित किया गया।
सस्ते भाव में प्याज मिलने की खबर फैलते ही आउटलेट और मोबाइल वैन पर ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी। हालांकि, बारिश के कारण बिक्री प्रभावित होती रही। नाफेड के राज्य प्रमुख अनिमेष शुक्ला ने बताया कि शहर की विभिन्न कॉलोनियों और चौक-चौराहों पर मोबाइल वैन के माध्यम से प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। महंगाई को देखते हुए प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेची जा रही है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम पांच किलोग्राम प्याज देने की सीमा तय की गई है।
उन्होंने बताया कि प्याज की दूसरी खेप भी जल्द नासिक से देहरादून पहुंचने वाली है। शहर में आउटलेट और मोबाइल वैन के जरिए लगातार बिक्री जारी रहेगी।