यूपी में योगी सरकार के निर्देशों का पालन , सड़को पर नही हुई नमाज

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। राज्य सरकार की गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

चंदौली, अयोध्या, हापुड़, संभल, औरैया, कौशांबी, गाजीपुर, फिरोजाबाद, सुल्तानपुर, सहारनपुर और आगरा समेत कई जिलों में खुले में नमाज और सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी पर रोक लागू रही। प्रशासन की निगरानी में नमाज केवल ईदगाहों और मस्जिद परिसरों के अंदर ही अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।

चंदौली में करीब 280 से अधिक स्थानों पर नमाज अदा की गई। जिले के एसपी आकाश पटेल ने बताया कि सभी प्रमुख ईदगाहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई। वहीं अयोध्या में मुख्य ईदगाह पर बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। डीएम शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नगर निगम की ओर से साफ-सफाई और पेयजल की विशेष व्यवस्था भी की गई थी।

हापुड़ जिले में भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। मुख्य ईदगाह समेत करीब 57 मस्जिदों में तय समय पर नमाज अदा की गई। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई। प्रशासन ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *