डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम-प्रसंग को लेकर दो परिवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बिहार थाना क्षेत्र के बैजुआमऊ गांव में शनिवार को हुए इस विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी राजकुमार की बेटी मालती का अपने पड़ोस में रहने वाले पुत्तीलाल के बेटे पवन के साथ प्रेम संबंध था। शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मालती स्वेच्छा से पवन के घर रहने चली गई। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया। लड़की के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे, जिससे मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ता चला गया।
अन्य लोग हुए घायल
शाम होते-होते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मालती के परिजन पवन के घर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आरोप है कि मालती के भाई दीपक ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी उठा ली और पवन के पिता पुत्तीलाल (50 वर्ष) के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि पुत्तीलाल मौके पर ही गिर पड़े और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस अचानक हुए हमले से वहां मौजूद लोग सन्न रह गए और चीख-पुकार मच गई। घटना में पुत्तीलाल के परिवार की सुनीता, अमन और राजेश्वरी भी घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में तीन नामजद, किए गए गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीघापुर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि इस मामले में तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।