नोएडा की सोसाइटी में काल बनी तेज रफ्तार कार, बेसमेंट में मां-बेटी को रौंदा, 4 मिनट तक नीचे फंसी रही सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला

डिजिटल डेस्क- दिल्ली से सटे नोएडा की एक पॉश सोसाइटी की बेसमेंट पार्किंग में सोमवार देर रात रफ्तार का एक खौफनाक कहर देखने को मिला. सेक्टर-79 स्थित महागुन मिराबेला सोसाइटी के बेसमेंट में एक तेज रफ्तार होंडा अमेज कार ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उसकी 5 साल की मासूम बेटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटी करीब 10 मीटर दूर जा गिरीं. इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बच्ची को भी काफी चोटें आई हैं.

कार से सामान निकालते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, महागुन मिराबेला सोसाइटी के निवासी अरुण शर्मा नोएडा की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. सोमवार की रात वह अपनी पत्नी कृतिका और बेटियों के साथ कार से लौटे थे. पूरा परिवार बेसमेंट पार्किंग में खड़ी अपनी गाड़ी से सामान निकाल रहा था. इसी दौरान अचानक बेसमेंट के घुमावदार मोड़ से आई एक तेज रफ्तार होंडा अमेज कार ने कृतिका और उनकी छोटी बेटी को अपनी चपेट में ले लिया.

कार के नीचे फंसी रही मां, लोगों ने गाड़ी उठाकर बचाया

चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर लगते ही बच्ची कार के नीचे आ गई, जिसे लोगों ने तुरंत बाहर खींच लिया. लेकिन कृतिका कार के नीचे ही बुरी तरह फंस गईं. चीख-पुकार सुनकर सोसाइटी के लोग इकट्ठा हुए और सबने मिलकर कार को ऊपर उठाया. करीब 4 मिनट की भारी मशक्कत के बाद महिला को कार के नीचे से लहूलुहान हालत में बाहर निकाला जा सका. मां-बेटी को तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को छुट्टी दे दी गई. वहीं, कृतिका की पसलियों में फ्रैक्चर है, सिर में गहरी चोट आई है और कंधा भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

10 की स्पीड लिमिट वाले बेसमेंट में 40 की रफ्तार!

सोसाइटी के निवासियों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है. लोगों का आरोप है कि बेसमेंट पार्किंग में दो घुमावदार मोड़ हैं, जहां वाहनों के लिए 10 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा तय की गई है. इसके बावजूद आरोपी चालक करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गाड़ी दौड़ा रहा था, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ. सेक्टर-113 के थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है. शुरुआती मेडिकल जांच में चालक के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *