सपा नहीं उतारेगी तीसरा राज्यसभा उम्मीदवार, अखिलेश बोले- अब 403 पर नजर

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव में समाजवादी पार्टी ने तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। अखिलेश यादव ने संकेत दिया कि पार्टी की नजर अब राज्यसभा की 3 सीटों के बजाय उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर है।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि सपा राज्यसभा चुनाव में अपना तीसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारेगी। ऐसे में सपा के दो और बीजेपी के आठ उम्मीदवारों का निर्विरोध राज्यसभा पहुंचना तय माना जा रहा है।

दरअसल, इससे पहले चर्चा थी कि समाजवादी पार्टी मंगलवार, 6 अक्टूबर को अपने तीसरे उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है और उम्मीदवार विधान भवन पहुंचकर नामांकन दाखिल करेगा। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का मंगलवार को आखिरी दिन है। हालांकि, इससे पहले ही अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए पार्टी की रणनीति के संकेत दे दिए।

अखिलेश यादव ने लिखा, ‘अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है।’ उनके इस बयान को राज्यसभा की तीन सीटों की जगह उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर पार्टी का फोकस बढ़ाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

SP के दो उम्मीदवार पहले ही दाखिल कर चुके हैं नामांकन

समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए पहले ही दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए थे। इनमें पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव शामिल हैं। वह छठी बार राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं। दूसरे उम्मीदवार रिलायंस ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारी धनराज परिमल नथवानी हैं।

दोनों उम्मीदवारों ने 30 सितंबर को अपना नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद रहे थे।

बीजेपी ने उतारे 8 उम्मीदवार

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए बीजेपी ने अपने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी की सूची में दो महिला उम्मीदवारों समेत तीन ओबीसी, दो अनुसूचित जाति और तीन सामान्य वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं।

बीजेपी ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है।

उत्तर प्रदेश की इन 10 राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इन सीटों के लिए चुनाव 16 अक्टूबर 2026 को होना है और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है।

चुनाव आयोग और बीजेपी पर अखिलेश का निशाना

राज्यसभा चुनाव के बीच अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और बीजेपी पर भी तीखा हमला बोला है। दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ होने वाले इंडिया गठबंधन के मार्च में शामिल होने से पहले उन्होंने आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग मानता है कि बीजेपी का सदस्य ही वोट डाल सकता है। उन्होंने बंगाल और उत्तर प्रदेश में बूथ लूटे जाने का भी आरोप लगाया और कहा कि कई चुनाव लूटे गए हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग संविधान के तहत काम नहीं कर रहा है और वह सिर्फ बीजेपी के लिए काम कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी को पार्टी कार्यालय बनाने के बजाय चुनाव आयोग के दफ्तर में ही एक फ्लोर ले लेना चाहिए था, क्योंकि काम वहीं से हो रहा है।

उन्होंने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की थ्योरी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि बार-बार घपले के आरोप न लगें और एक ही बार में चुनाव कराकर जीत हासिल की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *