अब UP में नहीं होते दंगे….. हाथरस में 550 करोड़ की सौगात, सीएम योगी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, विकास और सामाजिक सौहार्द को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि विकास तभी संभव है जब प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर माहौल हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि सुरक्षित वातावरण में ही जनता की आकांक्षाएं पूरी हो सकती हैं, जबकि अराजकता और दंगे विकास की राह में सबसे बड़ी बाधा होते हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुहर्रम जैसे आयोजनों के दौरान अब प्रदेश में किसी तरह की अराजकता नहीं होती और न ही किसी को कोई परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि लोग अपने धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं, लेकिन इस दौरान किसी गरीब के घर या संपत्ति को नुकसान नहीं होना चाहिए। सीएम ने स्पष्ट कहा कि ताजियों की ऊंचाई सीमित रखनी होगी, क्योंकि अधिक ऊंचाई होने पर बिजली के तारों से टकराने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने इसे सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम बताया।

सीएम योगी ने हाथरस की तीनों विधानसभा क्षेत्रों—हाथरस, सादाबाद और सिकंदराराऊ—के लिए करीब 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह जिले के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित वातावरण में सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को इन परियोजनाओं के लिए बधाई दी।

अपने भाषण में उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे। उन्होंने मथुरा के जवाहर बाग कांड, कोसीकलां, मेरठ, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल था, जिससे व्यापार, रोजगार और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता था।

उन्होंने कहा कि पहले व्यापारी, किसान और आम नागरिक असुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। सीएम ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और देश की अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख ग्रोथ इंजन बन चुका है।

विपक्ष पर हमला करते हुए योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता को गुमराह करने का काम करता रहा है। उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 1975 में कांग्रेस ने संविधान की हत्या की थी और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के मूल्यों का अपमान किया गया था।

सीएम ने यह भी कहा कि धार्मिक आयोजनों और परंपराओं को सरकार सम्मान के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि हाथरस में 22 से अधिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और विकास कार्यों को बिना भेदभाव आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *