मेरठ का सौरभ हत्याकांड: जेल में डर और धर्म का सहारा, जेल में रहते हुए मुस्कान ने उपवास, साहिल के साथ की 50 मिनट की मुलाकात

डिजिटल डेस्क- मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है। हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी पत्नी मुस्कान पिछले तीन दिनों से उपवास पर है और उसने अपने पूजा-पाठ का समय भी बढ़ा दिया है। वहीं, उसका कथित प्रेमी साहिल भी जेल के भीतर अलग ही दिनचर्या में व्यस्त है। लेकिन इन सबके बीच एक बात साफ दिख रही है दोनों को अब सजा का डर सताने लगा है। जेल प्रशासन के मुताबिक, हाल ही में कोर्ट में पेशी की सूचना मिलने के बाद दोनों आरोपियों की बेचैनी बढ़ गई है। यही वजह है कि उन्होंने जेल अधीक्षक से कानूनी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल पूछे। उनका सबसे बड़ा सवाल यही था कि अगर कोर्ट से सजा हो जाती है, तो आगे उनका केस कौन लड़ेगा और अपील कैसे की जाएगी।

मुस्कान का व्यवहार बदला नजर आ रहा

जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि दोनों को समझाया गया है कि सजा होने की स्थिति में वे उच्च न्यायालय में अपील कर सकते हैं। इसके लिए सरकार की ओर से उन्हें कानूनी सहायता और सरकारी वकील उपलब्ध कराया जाएगा। इस जानकारी के बाद भी दोनों की चिंता कम होती नहीं दिख रही है। इधर, मुस्कान का व्यवहार भी पिछले कुछ दिनों में बदला हुआ नजर आ रहा है। जेल सूत्रों के अनुसार, वह पहले से ज्यादा समय पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन में बिताने लगी है। कोर्ट में पेशी की खबर के बाद उसने अपने धार्मिक अनुष्ठानों का समय बढ़ा दिया और लगातार तीन दिनों से उपवास भी रखा हुआ है। जेल प्रशासन इसे मानसिक दबाव और डर की स्थिति से जोड़कर देख रहा है।

साहिल जेल परिसर में सब्जियां उगा रहा

दूसरी तरफ साहिल जेल परिसर में सब्जी उगाने के काम में लगा हुआ है। वह अपनी दिनचर्या को सामान्य बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भीतर ही भीतर उस पर भी केस का दबाव साफ झलक रहा है। आमतौर पर दोनों की मुलाकात नहीं होती, लेकिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली पेशियों में वे एक-दूसरे को देख लेते हैं। हालांकि, मंगलवार को एक अलग स्थिति बनी, जब दोनों को कोर्ट ले जाया जा रहा था। इस दौरान वे एक ही वाहन में करीब 50 मिनट तक साथ रहे। इस दौरान दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसे केस के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *