मथुरा में फरसा वाले बाबा हादसाः हत्या की अफवाह को पुलिस ने किया खारिज, अज्ञात समेत 300 से अधिक लोगों पर दर्ज की एफआईआर

डिजिटल डेस्क- मथुरा के छाता क्षेत्र में हुई फरसा वाले बाबा की मौत को लेकर पुलिस ने साफ किया है कि यह हत्या नहीं बल्कि एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था। एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार ने बताया कि घटना की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बाबा की मौत दुर्घटना का परिणाम थी। हादसा उस ट्रक से हुआ था, जिसके चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में थाना छाता पुलिस ने 22 नामजद और लगभग 250 से 300 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (आईपीसी) की धारा 109(1), 190, 191(2), 191(3), 351(2), 352, 195, 132, 324(4) और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम 1932 की धारा 3, 4, 7 और 67 के तहत दर्ज की गई है।

फरसा बाबा के आश्रम जा रहे दक्ष चौधरी पर दर्ज हुआ मुकदमा

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने दक्ष चौधरी और उसके कुछ साथियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। दक्ष चौधरी और उनके साथी सरकारी कार्यों में बाधा डालने और अफवाह फैलाने का प्रयास कर रहे थे, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती थी। पुलिस ने अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो रिकॉर्डिंग की मदद से अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

अफवाहों से दूर रहने की अपील

अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच जारी है और जल्द ही सभी दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। एसएसपी श्लोक कुमार ने लोगों से अपील की है कि इस मामले में अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस के सहयोग से ही जांच को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह से मामले की तह तक जाएगी और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *