Knews Desk- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब लोगों को लेखपाल का नंबर पता करने के लिए तहसीलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला प्रशासन ने जनता की सुविधा के लिए एक नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की है, जिसके तहत सभी तहसीलों के लेखपालों की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है। अब लोग घर बैठे अपने क्षेत्र के लेखपाल का नाम, तैनाती और मोबाइल नंबर आसानी से देख सकेंगे।
जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर की पहल पर शुरू की गई इस व्यवस्था को डिजिटल गवर्नेंस और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जहां तहसील और ग्रामसभा के आधार पर लेखपालों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
इस नई व्यवस्था के जरिए लोग जमीन की पैमाइश, दाखिल-खारिज, खतौनी, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समेत राजस्व विभाग से जुड़े कई कामों के लिए सीधे अपने क्षेत्र के लेखपाल से संपर्क कर सकेंगे। इससे लोगों का समय बचेगा और अनावश्यक भागदौड़ भी कम होगी।
अब तक ग्रामीण और शहरी इलाकों के लोगों को लेखपाल का नंबर जानने के लिए कई बार तहसील कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। कई मामलों में सही जानकारी न मिलने से लोगों को परेशानी होती थी। लेकिन अब मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए वेबसाइट पर जाकर संबंधित लेखपाल की जानकारी आसानी से हासिल की जा सकती है।
प्रशासन ने फिलहाल लखनऊ की पांचों तहसीलों का डेटा ऑनलाइन जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से राजस्व विभाग और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और शिकायतों के निस्तारण में भी तेजी आएगी।