कानपुर में मैक्स शोरूम में भीषण आग, 9 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

Knews Desk- कानपुर के कल्याणपुर में शुक्रवार शाम कपड़ों के मैक्स शोरूम में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने बीए सेट पहनकर फ्लोर-वाइज रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बिल्डिंग में फंसे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कल्याणपुर के केशवपुरम इलाके में शुक्रवार शाम करीब 7:15 बजे मैक्स शोरूम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने शोरूम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता घना काला धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आग लगते ही शोरूम में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। शुरुआती दौर में कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पूरी बिल्डिंग में घना धुआं भर गया था। फायर कर्मियों ने बीए सेट पहनकर फ्लोर-वाइज रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और अंदर फंसे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सीएफओ के मुताबिक, शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *