डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद घिनौना और रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने अपने छोटे भाई की होने वाली सास (समधन) के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले दो महीनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिसे आखिरकार गुरुवार को दबोच लिया गया।
कपड़े खरीदने के बहाने कमरे पर बुलाया, कोल्ड ड्रिंक में मिलाया नशीला पदार्थ
कल्याणपुर निवासी पीड़िता के मुताबिक, बीते 24 अप्रैल को उनकी बेटी की शादी तय थी। शादी से महज सात दिन पहले, उनके होने वाले दामाद के बड़े भाई ने उन्हें फोन किया। आरोपी ने महिला से कहा कि शादी में पहनने के लिए कुछ कपड़े खरीदने हैं, इसलिए वह कल्याणपुर स्थित आवास विकास वाले उसके कमरे पर आ जाएं। रिश्तेदारी का लिहाज रखते हुए महिला उसके कमरे पर पहुंच गईं। आरोप है कि वहां आरोपी ने उन्हें पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी, जिसमें पहले से ही कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था। कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ ही देर बाद महिला बेहोश हो गईं।
आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर दो महीने से कर रहा था शारीरिक शोषण
महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी ने उनके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उस दौरान महिला की कई आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए। होश में आने पर जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी उन्हें वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। इसके बाद वह लगातार अश्लील वीडियो और तस्वीरों के दम पर महिला को डरा-धमकाकर उनका शारीरिक शोषण कर रहा था।
दो महीने से फरार चल रहा था आरोपी, पुलिस ने भेजा जेल
प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने करीब दो महीने पहले कल्याणपुर थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। कल्याणपुर थाना इंस्पेक्टर केशव तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और फरार चल रहा था। पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थीं। आखिरकार गुरुवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया है।