कानपुरः जिस्मफरोशी की शिकायत पर 19 होटलों पर छापा, गैर प्रदेशीय 6 युवतियां बरामद, कथित पत्रकार गिरफ्तार

शिव शंकर सविता- कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में चल रहे जिस्मफरोशी के संगठित रैकेट का बड़ा खुलासा किया है। शुक्रवार देर रात चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने शहर के कई इलाकों में एक साथ छापेमारी कर इस अवैध धंधे पर शिकंजा कसा। कार्रवाई के दौरान बर्रा, कल्याणपुर, रावतपुर और सीसामऊ समेत अन्य क्षेत्रों के कुल 19 होटलों में दबिश दी गई। इस संयुक्त कार्रवाई में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और स्थानीय पुलिस की टीम शामिल रही। छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल, झारखंड और असम से लाई गईं छह युवतियां बरामद की गईं, जिन्हें कथित तौर पर देह व्यापार के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से कल्याणपुर निवासी रोहित वर्मा को गिरफ्तार किया है, जो इस रैकेट का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।

युवतियों को बहला-फुसलाकर कानपुर लाता था आरोपी

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, शहर में लंबे समय से इस तरह के रैकेट के सक्रिय होने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी बीच एक पीड़ित युवती ने कल्याणपुर के युवक पर अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शिवा सिंह को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि पीड़िता पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और उसे आरोपी रोहित वर्मा बहला-फुसलाकर कानपुर लाया था। रोहित युवती को दूसरे नाम से अपनी आईडी पर होटलों में ठहराता था और फिर उसे ग्राहकों के पास भेजता था। इस खुलासे के बाद सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में एसओजी और पुलिस टीम ने व्यापक छापेमारी की।

आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी दर्ज हैं कई मुकदमे

कार्रवाई के दौरान कई होटलों से संदिग्ध गतिविधियों के प्रमाण मिले और आधा दर्जन युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रोहित वर्मा एक यू-ट्यूबर है और खुद को एक चैनल से जुड़ा बताता था। उसके खिलाफ पहले से ही पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज है। इस मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच के दौरान सीसामऊ थाने में तैनात एक दरोगा का नाम भी सामने आया है, जिस पर आरोपी से मिलीभगत और होटल संचालकों से संपर्क कराने का आरोप है। फिलहाल पुलिस विभाग ने उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *