KNEWS DESK – कानपुर में करोड़ों की लग्जरी कार लेम्बोर्गिनी ने सड़क पर चलते राहगीरों के लिए मौत का फरमान लिख दिया। तेज रफ्तार और अचानक अनियंत्रित हुई दिल्ली नंबर की काली लेम्बोर्गिनी ने वीआईपी रोड पर फुटपाथ पर चल रहे लोगों को कुचल दिया। इस भयावह हादसे में करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शहर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेव-3 के पास वीआईपी रोड की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार बेहद तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी, जिसके बाद उसने एक के बाद एक कई राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल लेम्बोर्गिनी कार कानपुर के एक बड़े तंबाकू कारोबारी की फर्म के नाम पर रजिस्टर्ड है। कार मालिक स्वरूप नगर निवासी के.के. मिश्रा बताए जा रहे हैं, जबकि हादसे के वक्त वाहन को शिवम कुमार मिश्रा चला रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। चालक की हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए कार्डियोलॉजी हॉस्पिटल भेजा गया है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि चालक को ड्राइविंग के दौरान अटैक आया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
घटना के बाद घायलों के परिजनों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। पीड़ितों का आरोप है कि हादसे के बाद कारोबारी के बाउंसर मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ अभद्रता की।
पीड़ित सोनू त्रिपाठी और विशाल त्रिपाठी ने बताया कि घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, घायल तौफीक ने बताया कि वह अपने दोस्त का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई और वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए।