डिजिटल डेस्क- जनपद कासगंज की कोतवाली ढोलना क्षेत्र के नगला ढक गांव में खाने को लेकर पति पत्नी में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया की पति ने पत्नी की जमकर पिटाई कर दी और गुस्से में छत से नीचे फेंक दिया। सास द्वारा घायल महिला को इलाज़ के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने घायल महिला की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ में इलाज़ के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया है। बता दें कि ढोलना कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला ढक की रहने वाली मृतक महिला 6 माह की गर्भवती ब्रजमाला की सास मीरा देवी ने बताया की पति रामशरण से खाने में नमक कम पर होने पर ब्रजमाला का विवाद हो गया। और इस विवाद के बाद पति रामशरण ने गुस्से में पत्नी की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान घायल ब्रजमाला को इलाज़ के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जंहा से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। जंहा अलीगढ़ में इलाज़ के दौरान ब्रजमाला की मौत हो गई।

मृतका के भाई और पिता की पहले हो चुकी है मौत
ब्रजमाला के चचेरे भाई राकेश ने बताया कि वह स्वभाव में बेहद सीधी-साधी थी। ब्रजमाला के पिता बादशाह की सालों पहले मौत हो चुकी है। बड़े भाई जितेंद्र की भी होली से पहले बीमारी से मौत हो गई। मायके में मां शांतिदेवी और भाभी मीना बचे हैं। बड़ी बहन अर्चना की शादी ढोलना क्षेत्र के गांव सिसइया नगला में हुई है। उन्होंने बताया कि रामशरण उर्फ रामू शादी के बाद से ही ब्रजमाला को जमकर मारता-पीटता था। कई बार ब्रजमाला के मायके वालों से रामशरण को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। भाई जितेंद्र की मौत के बाद रामशरण उससे अक्सर मार-पीट करने लगा। ब्रजमाला उसके हर सितम सहती रही, लेकिन पुलिस में कोई शिकायत नहीं की। इससे रामशरण की हिम्मत इतना ज्यादा बढ़ गई कि ब्रजमाला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की जान ले ली।

भाभी से अवैध संबंध थे आरोपी पति के
वहीं ग्रामीणों के मुताबिक मृतका ब्रजमाला की शादी 7 साल पूर्व रामशरण से हुई थी, आरोपी पति रामशरण का अपनी बड़ी भाभी पूनम से अवैध संबंध थे, इसी के चलते आरोपी पति आए दिन अपनी पत्नी से मारपीट करता था। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि मृतका ब्रजमाला के साथ 6 माह पूर्व उसके जेठ सुभाष ने एक रात हैवानियत भी की थी, जिसकी किसी ने शिकायत नहीं की थी।