Knews Desk- उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक नोएडा और दिल्ली-एनसीआर से उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने जा रहे थे। हादसा सुबह करीब 5 बजे उस समय हुआ, जब उनकी तेज रफ्तार ईको कार हाईवे पर खड़ी एक डीसीएम (ट्रक) के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में नोएडा के सेक्टर-2 स्थित एक आईटी कंपनी के मालिक 30 वर्षीय अभिषेक अग्निहोत्री, कंपनी में कार्यरत इंजीनियर 24 वर्षीय कार्तिक राजपूत, 24 वर्षीय नीरज और 35 वर्षीय गुलबुद्दीन उर्फ सोनू शामिल हैं। वहीं जतिन, कमल और अभिषेक के छोटे भाई विशाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक अपने कर्मचारियों के साथ वीकेंड ट्रिप पर जिम कॉर्बेट जा रहे थे। उनका काफिला दो वाहनों में रवाना हुआ था। रास्ते में ईको कार का टायर पंचर होने के कारण वह दूसरी कार से पीछे रह गई। काफी देर तक संपर्क न होने पर साथियों ने फोन किया, जिसे एक राहगीर ने उठाकर हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से कार को काटकर घायलों व शवों को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। पुलिस का मानना है कि सुबह के समय चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे खड़े ट्रक से टकरा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।