डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिला जेल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ जेल में बंद एक कैदी से मुलाकात करने आई उसकी माँ और बहन को पुलिस ने मुख्य द्वार पर ही गिरफ्तार कर लिया। दोनों महिलाएँ कैदी के लिए कपड़ों में छिपाकर चरस की दो पुड़िया ले जाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन जेल सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण उनकी पोल खुल गई। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को करीब दोपहर 12:30 बजे बिजनौर जिला जेल में बंद फैजान नाम के कैदी से मिलने उसकी माँ शन्नो और बहन परवीन पहुँची थीं। जेल नियमों के तहत जब गेट नंबर दो पर महिला सुरक्षाकर्मियों ने दोनों की सघन तलाशी ली, तो उनके कपड़ों से नशीला पदार्थ (चरस की दो पुड़िया) बरामद हुआ। जेल प्रशासन ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।
आरोपी बहन का अजीबोगरीब बहाना
पुलिस पूछताछ में कैदी की बहन परवीन ने चरस की तस्करी के पीछे जो वजह बताई, उसे सुनकर अधिकारी भी हैरान रह गए। परवीन ने दावा किया कि उसका भाई फैजान (जो हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी है और 6 जून को अमरोहा से यहाँ शिफ्ट हुआ था) जेल में मच्छरों के कारण रात भर सो नहीं पा रहा था। वह सुल्फा पीने का शौकीन है, इसलिए भाई को मच्छरों से राहत दिलाने और उसे सुलाने के मकसद से वे चरस लेकर आई थीं।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
जेल के भीतर मादक पदार्थ पहुँचाने की इस अनोखी कोशिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने चरस को जब्त कर लिया है। आरोपी माँ और बहन के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इस घटना के बाद जेल प्रशासन ने मुलाकातियों की तलाशी व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया है।