डिजिटल डेस्क- शादी का जश्न उस वक्त खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया जब मामूली सी बात को लेकर बाराती और घराती आपस में भिड़ गए। अमरोहा के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधी मूर्ति के पास हुए इस ‘हाई वोल्टेज ड्रामे’ ने न केवल वैवाहिक खुशियों में खलल डाला, बल्कि शहर की रफ्तार को भी घंटों तक थामे रखा। सड़क पर सरेआम हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, बारात धूमधाम से चढ़ रही थी, चारों तरफ नाच-गाना और उल्लास का माहौल था। तभी गांधी मूर्ति के पास किसी छोटी सी बात को लेकर एक बाराती और लड़की पक्ष के किसी सदस्य के बीच कहासुनी हो गई। यह बहस इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते गांधी मूर्ति चौराहा एक अखाड़े में तब्दील हो गया। बाराती और घराती एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। महिलाओं और बच्चों के बीच मची चीख-पुकार के बीच पुरुष एक-दूसरे के खून के प्यासे नजर आए। सड़क पर घंटों चले इस उपद्रव के कारण राहगीर सहम गए और दुकानों के शटर गिर गए।
ट्रैफिक जाम और पुलिस की देरी पर सवाल
इस हंगामे का सबसे बुरा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा। शादी के इस बवाल की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एम्बुलेंस से लेकर दफ्तर जाने वाले लोग घंटों जाम में फंसे रहे। हैरानी की बात यह रही कि नगर कोतवाली क्षेत्र के इतने व्यस्ततम इलाके में घंटों तक मारपीट होती रही, लेकिन स्थानीय नगर पुलिस मौके पर नजर नहीं आई। पुलिस की इस सुस्ती को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। अंततः, सूचना मिलने के काफी देर बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर अलग किया और जाम खुलवाया।
वीडियो वायरल: अब पुलिस खंगाल रही है कुंडली
मारपीट की यह पूरी घटना पास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों और मौके पर मौजूद लोगों के मोबाइल फोन में कैद हो गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे सफेद शर्ट और सूट-बूट पहने लोग एक-दूसरे को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे हैं। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है। वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और राहगीरों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।