जातीय जनगणना को लेकर अखिलेश यादव बड़ा दावा, ‘चुनाव आते-आते बीजेपी भी इसकी बात करने लगेगी’

KNEWS DESK- लोकसभा चुनाव से पहले जातीय जनगणना को लेकर सियासत गरमाई हुई है| इस मामले पर अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी राय साझा की है| उन्होंने दावा किया- चुनाव आते-आते बीजेपी भी इसकी बात करने लगेगी|

बीते शुक्रवार को अखिलेश यादव ने सपा के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय हो रहा है| जिसकी वजह से अब देश भर में जातीय जनगणना की मांग होने लगी है| हो सकता है कि चुनाव आते-आते भाजपा भी जातीय जनगणना की बात करने लगे|

अखिलेश यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय और समानता तभी आएगी जब जातीय जनगणना होगी| इससे सभी पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों को अधिकार के साथ सम्मान भी मिलेगा| इससे सभी को समानुपातिक भागीदारी मिल सकेगी| हम आज पिछड़े, दलित समाज को अपना हक और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं| हम सब एक हैं|

सपा नेता ने कहा, समाज में विसंगति और असमानता को दूर करने के लिए नेताजी ने फूलन देवी को संसद पहुंचाया था| भाजपा से सावधान रहना है, भाजपा के षडयंत्र से बचना है| लोगों के पुश्तैनी काम छिन रहे हैं| हमारी लड़ाई लम्बी है| अब बूथ पर लड़ाई है| 2024 के लोकसभा चुनाव में हम सभी मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे| अखिलेश ने इस दौरान पीडीए का जिक्र कर कहा कि आज पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज के लोग सपा के साथ हैं|

About Post Author