लखनऊ के बाद अब आगरा के कोचिंग सेंटर में लगी आग, बेसमेंट में मची भगदड़, सायरन बजते ही सुरक्षित बाहर भागे छात्र

डिजिटल डेस्क- लखनऊ के अलीगंज में हुए भयावह अग्निकांड के अगले ही दिन उत्तर प्रदेश के आगरा से भी एक डराने वाली खबर सामने आई है। यहाँ न्यू आगरा थाना क्षेत्र के भगवान टॉकीज इलाके में स्थित ‘आकाश इंस्टीट्यूट’ कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि बेसमेंट में लगे लाइट के एमएसपी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की, जिसके तुरंत बाद कोचिंग परिसर में लगे सुरक्षा सायरन बजने लगे। सायरन की आवाज सुनते ही क्लासरूम में पढ़ रहे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई और वे तेजी से बाहर की ओर भागने लगे। गनीमत यह रही कि आग सिर्फ एमएसपी बोर्ड तक सीमित थी और समय रहते इस पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

क्लास में चल रही थी बॉटनी की पढ़ाई, स्टाफ ने कराया रेस्क्यू

कोचिंग सेंटर में पढ़ रही पूनम नाम की एक छात्रा ने आपबीती बताते हुए कहा, “हमारी बॉटनी की क्लास चल रही थी। अचानक हमारे स्टाफ मेंबर्स क्लास में आए और बोले कि सभी लोग जल्दी से बाहर चलो। हमें शुरुआत में कोई आइडिया नहीं था कि क्या हुआ है, हमें लगा बस नीचे भेज रहे हैं। इसके बाद हमें एग्जिट गेट (निकास द्वार) से सुरक्षित नीचे उतारा गया। बाद में हमें जानकारी मिली कि नीचे ट्रांसफार्मर और बिजली बोर्ड के पास आग लग गई थी।” घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा मानकों की जांच में जुट गई है।

लखनऊ हादसे में 15 मौतों के बाद पूरे सूबे में अलर्ट

यह घटना इसलिए भी बेहद संवेदनशील है क्योंकि सोमवार को ही राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके की एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। लखनऊ मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चार अधिकारियों को सस्पेंड किया जा चुका है, चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और मामले की जांच के लिए हाई-लेवल एसआईटी (SIT) गठित की गई है। लखनऊ की इस त्रासदी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को क्रमशः 2 लाख और 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इस बड़े हादसे के बाद से ही पूरे प्रदेश के कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *