आगराः पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, शराब पिलाकर की हत्या, फिर जलाया शव

डिजिटल डेस्क- आगरा के सैंया थाना क्षेत्र में हुए लोकेंद्र हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। अब इस मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे कोई बाहरी दुश्मन नहीं, बल्कि खुद मृतक की पत्नी ही साजिशकर्ता थी। उसने अपने प्रेमी और उसके एक दोस्त के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, मृतक लोकेंद्र की पत्नी का अपने प्रेमी के साथ अवैध संबंध था। पति इस रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा बन रहा था। यही वजह थी कि तीनों ने मिलकर उसे खत्म करने की साजिश रची। योजना बेहद शातिर तरीके से तैयार की गई थी, ताकि हत्या को हादसा दिखाया जा सके और किसी को शक न हो।

पहले पिलाई शराब फिर उतारा मौत के घाट

घटना वाले दिन आरोपियों ने पहले लोकेंद्र को शराब पिलाई। जब वह पूरी तरह नशे में हो गया, तब उसका गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद साजिश के तहत सबूत मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल और शराब डालकर आग लगा दी गई, ताकि यह मामला किसी दुर्घटना जैसा लगे। लेकिन आरोपियों की यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां से खाने-पीने के सामान के कागज और शराब की बोतल जैसे अहम सुराग मिले। इन्हीं सुरागों के आधार पर जांच की कड़ी आगे बढ़ी। पुलिस ने पहले ठेल संचालक और शराब ठेकेदार की पहचान की, फिर उनसे मिली जानकारी के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पत्नी, प्रेमी और एक अन्य गिरफ्तार

इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार काम कर रही थीं। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और पूछताछ के आधार पर आखिरकार पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है। आदित्य ने बताया कि यह पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। आरोपियों ने हर पहलू को ध्यान में रखते हुए योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और जांच के चलते सच्चाई सामने आ गई। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश में कोई और भी शामिल तो नहीं था। साथ ही हत्या के पीछे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *