गोरखपुर रोड शो हादसे पर एक्शन, 6 नामजद समेत 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

KNEWS DESK- गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के पिता की तहरीर पर एम्स थाना पुलिस ने छह नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने हादसे में शामिल जेसीबी को भी कब्जे में ले लिया है।

जेसीबी की चपेट में आने से हुई मौत

बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे झारखंडी आवास विकास कॉलोनी निवासी भाजपा नेता ओंकार सिंह का बेटा आर्यवर्धन अपनी बहन को लेने जा रहा था। इसी दौरान गोरखपुर एयरपोर्ट से निकल रहे अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था।

जाम के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

हादसे के बाद परिवार और भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। बुधवार शाम झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। मृतक के पिता की तहरीर पर छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि रोड शो के दौरान चल रही जेसीबी से बाइक का एक्सीडेंट हुआ, जिसमें 14 वर्षीय बच्चे की मौत हुई। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्घटना के मामले में किसी को भी झूठा फंसाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शाम करीब पांच बजे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचने की बात कही गई है। हालांकि, उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *