सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
Knews Desk– गोरखपुर में 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। शाम 6:03 बजे मुख्यमंत्री आवास विकास कालोनी झारखंडी स्थित ओंकार सिंह के आवास पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया और न्याय का भरोसा दिया।
दिवंगत आर्यवर्धन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ओंकार सिंह के 14 वर्षीय दिवंगत पुत्र आर्यवर्धन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होने आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह, बाबा तहसीलदार सिंह और चाचा से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिवार से घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव न्याय का भरोसा दिया।
एसएसपी से कार्रवाई का मांगा ब्योरा
परिवार से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने एसएसपी को मौके पर बुलाया और अब तक हुई कार्रवाई का ब्योरा मांगा। उन्होंने सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्मम कृत्य को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैकहो लोडर की चपेट में आने से हुई थी आर्यवर्धन की मौत
बुधवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की चपेट में आने से आर्यवर्धन सिंह की मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों की आंखों में इंसाफ की उम्मीद है।
गुरुवार को टाउनहाल में भाजपा की जन चौपाल को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने बाहर बैठे आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह और बाबा तहसीलदार सिंह को सांत्वना दी।
परिवार ने जताया मुख्यमंत्री पर भरोसा
मुख्यमंत्री से मुलाकत के बाद पीड़ित परिवार ने कहा कि योगी हमारे अभिभावक हैं और हमें न्याय मिलने का पूरा भरोसा है। परिवार ने मुख्यमंत्री के सामने घटना से जुड़ी जानकारी भी साझा की। मुख्यमंत्री की मुलाकात के बाद परिवार को आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।