डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र के नसीरपुर गांव के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 से अधिक लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बस में कुल 55 यात्री सवार थे, जो एक ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी से जुड़े बताए जा रहे हैं। सभी यात्री दिल्ली में आयोजित कंपनी के एक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह के वक्त यह हादसा हो गया, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई।
लखनऊ निवासिनी थी मृतका
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान तारावती (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र की रहने वाली थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पहिए रिम समेत निकल गए और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया।
कई यात्रियों की हालत गंभीर
हादसे में घायल करीब 20 से अधिक यात्रियों को पहले नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है।