उत्तर प्रदेश : नारी न्याय सम्मेलन में कांग्रेस नेता अलका लांबा ने बीजेपी पर कसा तंज, कहा- ‘अन्नदाताओं के आंदोलन को कुचल रही मोदी सरकार…’

रिपोर्ट- मो0 रज़ी सिद्दीक़ी

बाराबंकी-  महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा नारी न्याय सम्मेलन में भाग लेने के लिए यूपी के बाराबंकी जिले में पहुंचीं| इस सम्मेलन में लोगों को संबोधित करते हुए अलका लांबा ने भाजपा पर जमकर तंज कसा| उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में अपने हक की लड़ाई लड़ रहे अन्नदाताओं के आन्दोलन को कुचला जा रहा है| भाजपा की सोच महिला विरोधी है| आज पूरे देश में महिलाओं की आबादी लगभग 70 करोड़ है, फिर भी महिलाएं असुरक्षित और कमजोर हैं| भाजपा सरकार में महिलाओं पर अपराध बढ़े हैं और भाजपा नारी अपराध के जिम्मेदार नेताओं को बचाने का काम कर रही है| जबकि राहुल गांधी अपनी यात्रा के माध्यम से भाजपा के असल चेहरे को उजागर कर रहे हैं| उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर 2024 के लोकसभा चुनाव में 400 सीटें जीतने का ख्वाब देख रही है|

बाराबंकी के विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत जहांगीराबाद में महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित नारी न्याय सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए अलका लांबा ने कहा कि भाजपा का नारा अपराधी बचाओ है| दरअसल, कांग्रेस के इस अभियान की शुरुआत बाराबंकी जिले से हुई है| इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से मोदी सरकार के दस सालों में जनता के साथ हुए अन्याय को उजागर कर रहे हैं| न्याय का हक मिलने तक वह ऐसी ही यात्रा और संघर्ष जारी रखेंगे| महिला कांग्रेस पदयात्रा निकालकर घर-घर जाकर भाजपा सरकार में पीड़ित, शोषित और वंचित महिलाओं से बात करके उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ेगी| अलका लांबा ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है और 400 सीटें जीतने का ख्वाब देख रही है लेकिन उसका यह ख्वाब कभी पूरा नहीं होने वाला है|

भाजपा सरकार का बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा बेमानी है| किसानों की आमदनी दुगनी हुई नहीं| देश के अन्नदाता की आत्महत्या की घटनाएं रूक नहीं रही हैं| मां-बेटियों के साथ भाजपा के जनप्रतिनिधि आमनवीय अत्याचार कर रहे हैं। भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह, कुलदीप सिंह सेंगर, हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह सैनी महिला उत्पीड़न के गम्भीर आरोपों से घिरे हैं लेकिन फिर भी सरकार इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। ऐसे में 2024 के आम चुनाव में प्रदेश ही नहीं देश की जनता ने भाजपा सरकार से मुक्ति पाने का मन बना लिया है। नारी का सम्मान करना कांग्रेस पार्टी जानती है। देश के जिन राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सरकार है, वहां हम प्रति महिला महीने में 1500 से 2500 रूपये दे रहे हैं। गैस सिलेन्डर 500 रूपये में उपलब्ध करा रहे हैं। अगर देश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती है तो हम पूरे देश में यह राशि महिलाओं को देंगे।

About Post Author