यूपी में है देश का सबसे बड़ा शिवलिंग, जानें इस विशाल मंदिर का आकार

KNEWS DESK- देवों के देव महादेव और मां पार्वती का विवाह फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को हुआ था| इसी वजह से हर साल फाल्गुन माह में महाशिवरात्रि के पर्व को बेहद उत्साह के साथ मनाया जाता है| महादेव के मंदिरों में रौनक बढ़ जाती है| लोग पूरी श्रद्धा के साथ भगवान महादेव की पूजा की तैयारियों में जुटे दिखते हैं| ऐसे में चलिए आज हम आपको देश के सबसे बड़े शिवलिंग के बारे में बताते हैं|

उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रवींद्रपुरी इलाके में शिवलिंग के आकार का एक प्राचीन शिव मंदिर है| दावा किया जाता है कि ये देश का सबसे बड़ा शिवलिंग है| मंदिर के अधिकारियों का कहना है कि दो सदी पुराने इस बनखंडी महादेव मंदिर को बनखंडी साधुबेला आश्रम ने बनवाया था और ये परंपरागत शैली से अलग है|

बनखंडी महादेव मंदिर के मैनेजर अनूप लालवानी का कहना है कि ये संस्था जो है, बाबा बनखंडी की है, ये 200 साल पहले स्थापित की गई थी। पहले पाकिस्तान सखर में था, हिंदुस्तान और पाकिस्तान का वहीं मतलब था। बाबा बनखंडी ने घोर तप किया, 1818 में उन्होंने ये साधुबेला स्थापित की। इसकी विशेषता है कि अलग-अलग ब्रांचेज हैं, इस मंदिर में हर त्योहार मनाया जाता है।

शिवलिंग के आकार का ये अनोखा मंदिर 50 फीट लंबा है और इसका व्यास 30 फीट से ज्यादा है|  श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में पूजा करने से उनका मन शांत रहता है| श्रद्धालु नेहा सिंह का कहना है कि बहुत विशाल मंदिर है, हम हर महाशिवरात्रि को यहां पर आते हैं। शिवजी के मंदिर में आकर बहुत शांति और सुकून मिलता है|

वहीं एक श्रद्धालु निहारिका ने कहा- ये वाराणसी का बहुत प्राचीन मंदिर है। आप अगर शिवालय में पूजा करते हैं तो आप पर अत्यधिक शिवजी की कृपा होती है। यहां इस समय शिवरात्रि की तैयारियां चल रही हैं|

About Post Author