Knews Desk- गुजरात के वडोदरा शहर के मांडवी इलाके में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। दला पटेल की पोल, जिसे नरसिंहजी की पोल भी कहा जाता है, स्थित तीन मंजिला बंगले में 50 वर्षीय आरतीबेन सोनी, उनके बेटे नीलकंठ सोनी और बेटी झलक सोनी के शव फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। फिलहाल, तीनों की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, आरतीबेन सोनी के पति चेतनभाई सोनी का करीब एक साल पहले दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उनके निधन के बाद आरतीबेन और उनके दोनों बच्चे परिवार के आयुर्वेदिक अस्पताल ‘जेप्स हेल्थ केयर’ (Zeps Health Care) का संचालन संभाल रहे थे। यह अस्पताल ओल्ड पादरा रोड पर स्थित है। अस्पताल की शुरुआत करीब डेढ़ से दो साल पहले चेतनभाई ने अपने बिजनेस पार्टनर के साथ मिलकर की थी।
मंगलवार दोपहर इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब घर में काम करने वाली महिला उषाबेन वहां पहुंचीं। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के बिजनेस पार्टनर केतन शाह को फोन कर इसकी जानकारी दी। केतन शाह चाबी लेकर बंगले पर पहुंचे और दरवाजा खोला। घर के अलग-अलग हिस्सों में आरतीबेन, नीलकंठ और झलक के शव फंदे से लटके देखकर हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।सोनी परिवार के साथ पिछले 12 से 13 वर्षों से पारिवारिक संबंध रखने वाले और सोने-चांदी के व्यापारी केतन शाह ने बताया कि अस्पताल में वित्तीय निवेश उनकी ओर से किया गया था, जबकि दैनिक संचालन और हिसाब-किताब की जिम्मेदारी आरतीबेन और उनके दोनों बच्चों के पास थी। उनके मुताबिक, परिवार के साथ किसी तरह का वित्तीय या कारोबारी विवाद नहीं था।
केतन शाह ने यह भी बताया कि घटना से महज तीन-चार दिन पहले अस्पताल के विस्तार को लेकर बातचीत हुई थी। इस दौरान 10 नए विजिटिंग डॉक्टरों को नियुक्त करने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई थी। ऐसे में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत के कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिनका जवाब पुलिस जांच के बाद ही मिल सकेगा।घटना की सूचना मिलते ही वडोदरा शहर के डीसीपी एंड्रयू मेकवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आकस्मिक मौत (ADR) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सुसाइड नोट की तलाश कर रही है और परिजनों, पड़ोसियों तथा परिवार के करीबियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम की भी मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।